
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत को एक बार फिर एशिया की प्रतिष्ठित एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई को 2029 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपी गई है। इसके साथ ही भारत चौथी बार इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता का आयोजन करेगा। इससे पहले नई दिल्ली, पुणे और भुवनेश्वर इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर चुके हैं।
एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन ने मंगलवार को एक बयान जारी कर चेन्नई को मेजबानी दिए जाने की घोषणा की। हालांकि, यह फैसला राज्य सरकार की ओर से आयोजन की जिम्मेदारी लेने संबंधी गारंटी पत्र सौंपे जाने की शर्त पर आधारित है।
एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा, "सरकार की ओर से गारंटी पत्र प्रस्तुत किए जाने की शर्त पर एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन को तमिलनाडु के चेन्नई शहर को 2029 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी सौंपते हुए खुशी हो रही है।"
तमिलनाडु एथलेटिक्स एसोसिएशन (टीएनएए) की अध्यक्ष सी. लता के मुताबिक, प्रतियोगिता का आयोजन अगस्त 2029 में होने की संभावना है। वह मंगलवार को टोक्यो में आयोजित एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन की परिषद की बैठक में शामिल होने के बाद यह जानकारी दी।
लता ने बताया कि मेजबानी के लिए राज्य की ओर से की गई प्रस्तुति में चेन्नई के खेल बुनियादी ढांचे, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के अनुभव और खिलाड़ियों को उपलब्ध सुविधाओं को प्रमुखता से रखा गया। यह ऑनलाइन प्रस्तुति स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु (एसडीएटी) के सदस्य सचिव मेघनाथ रेड्डी ने दी थी।
उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। इसके अलावा, स्टेडियम के पास ही अभ्यास के लिए नेहरू 'बी' ग्राउंड उपलब्ध है। चेन्नई में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आयोजन स्थल के आसपास अच्छे होटलों की उपलब्धता को भी प्रस्तुति में महत्वपूर्ण बताया गया। राज्य सरकार मुख्य एथलेटिक्स ट्रैक को दोबारा तैयार कराने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करेगी।
एशियन एथलेटिक्स की प्रतियोगिता आयोग के सदस्य सी.के. वाल्सन ने पिछले सप्ताह नेहरू स्टेडियम का निरीक्षण किया था। बताया जाता है कि वह मुख्य ट्रैक और अभ्यास मैदान की सुविधाओं से संतुष्ट थे।
लता के अनुसार, वाल्सन ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप बनाने के लिए वीआईपी लाउंज की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा में कुछ बदलाव और एलईडी स्क्रीन लगाने जैसे सुझाव दिए हैं। उन्होंने कहा कि अब राज्य सरकार को एशियन एथलेटिक्स फेडरेशन के अध्यक्ष को पत्र भेजकर यह पुष्टि करनी है कि प्रतियोगिता के आयोजन का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
भारत ने आखिरी बार 2017 में ओडिशा के भुवनेश्वर में एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी की थी। इससे पहले नई दिल्ली में 1989 और पुणे में 2013 में यह प्रतियोगिता आयोजित हुई थी।
चेन्नई को मिली मेजबानी भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स आयोजन कैलेंडर का भी हिस्सा है। देश 2027 में चंडीगढ़ में एशियन रिले चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। इसके बाद 2028 में ओडिशा में एशियन इंडोर चैंपियनशिप और विश्व इंडोर चैंपियनशिप आयोजित की जानी है। वहीं, गुजरात भी 2028 अंडर-20 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी की दौड़ में शामिल है।
इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी से भारत को अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स मानचित्र पर अपनी स्थिति मजबूत करने और घरेलू खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव दिलाने का अवसर मिलेगा।