पंकज आडवाणी की ऐतिहासिक जीत से भारत को मिली 2027 क्रूसिबल कप की मेजबानीBy IANS Fri, 27 November 2026 03:18 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। भारतीय क्यू खेलों के दिग्गज खिलाड़ी पंकज आडवाणी ने इंग्लैंड के रीडिंग में आयोजित क्रूसिबल कप जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने दो दिनों तक चले शानदार मुकाबले में दुनिया के दिग्गज खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए फाइनल में माल्टा के टोनी ड्रैगो को 6-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ आडवाणी क्रूसिबल कप का खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए।

आडवाणी की यह उपलब्धि केवल खिताब और 25,000 पाउंड की इनामी राशि तक सीमित नहीं रही। उनकी जीत का सबसे बड़ा आकर्षण यह रहा कि इसके साथ ही 2027 में होने वाले क्रूसिबल कप की मेजबानी भारत को मिल गई है। टूर्नामेंट के आयोजकों ने फाइनल से पहले घोषणा की थी कि अगले संस्करण का आयोजन इस वर्ष के विजेता खिलाड़ी के गृह देश में किया जाएगा। ऐसे में आडवाणी की जीत ने भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्नूकर टूर्नामेंट की मेजबानी का रास्ता भी खोल दिया।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में आडवाणी के अलावा स्नूकर जगत के कई बड़े नाम शामिल थे। इनमें रॉनी ओ'सुलिवन, मौजूदा चैंपियन नील रॉबर्टसन, टोनी ड्रैगो, ड्रीम टिकट विजेता बैरी पिंचेस, मौजूदा विश्व चैंपियन वू यिजे, पहले चाइनीज स्नूकर 900 के विजेता झेंग युबो और जो पेरी शामिल थे।

आडवाणी ने टूर्नामेंट की शुरुआत ही मौजूदा चैंपियन नील रॉबर्टसन को हराकर की। इस जीत ने स्पष्ट कर दिया कि भारतीय खिलाड़ी इस बार खिताब के प्रबल दावेदार हैं। इसके बाद सेमीफाइनल में उन्होंने अनुभवी खिलाड़ी जो पेरी को मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

खिताबी मुकाबले में उनका सामना टोनी ड्रैगो से हुआ। हालांकि, ड्रैगो ने इससे पहले झेंग युबो और रॉनी ओ'सुलिवन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को हराकर फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन आडवाणी के सामने वह कोई चुनौती पेश नहीं कर सके।

फाइनल में भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा बनाए रखा और मध्यांतर तक 4-0 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। स्नूकर 900 के अनुसार, लगातार दो कठिन मुकाबलों में जीत के बाद फाइनल तक पहुंचने की थकान का असर ड्रैगो के प्रदर्शन पर भी पड़ सकता था। दूसरी ओर, आडवाणी पूरे मुकाबले में लय में नजर आए और उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

आखिरकार आडवाणी ने 6-0 से मुकाबला जीतकर क्रूसिबल कप अपने नाम कर लिया और 25,000 पाउंड की पुरस्कार राशि भी हासिल की।

अपनी ऐतिहासिक जीत के बाद आडवाणी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि इतने मजबूत खिलाड़ियों की मौजूदगी वाले टूर्नामेंट में खिताब जीतने की उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल दिग्गज खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए आयोजकों और रॉनी ओ'सुलिवन का भी आभार जताया।

आडवाणी की इस सफलता से न केवल भारतीय स्नूकर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है, बल्कि 2027 में क्रूसिबल कप की मेजबानी मिलने से देश को विश्व स्तर के खिलाड़ियों और इस खेल के प्रशंसकों को आकर्षित करने का अवसर भी मिलेगा।