
लंदन — PIF लंदन चैंपियनशिप 2025 में भारतीय गोल्फ की मजबूत मौजूदगी देखने को मिलेगी, जिसमें दीक्षा डागर, प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और अवनी प्रशांत हिस्सा लेंगी। यह 1.5 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि वाला टूर्नामेंट दीक्षा डागर के लिए खास महत्व रखता है, जिन्होंने 2021 में लंदन में हुए अरामको टीम सीरीज़ में विजेता टीम का हिस्सा बनकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।
इस जीत के साथ दीक्षा, अदिति अशोक के बाद लेडीज़ यूरोपियन टूर (LET) पर एक से अधिक खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला बनीं। यह सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं थी, बल्कि इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला गोल्फ में भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाया।
अदिति अशोक ने LET पर अब तक पांच खिताब अपने नाम किए हैं, जबकि दीक्षा ने दो व्यक्तिगत जीत और एक टीम खिताब हासिल किया है। हालांकि दीक्षा 2024 संस्करण में कट पार नहीं कर पाईं, लेकिन 24 वर्षीय यह खिलाड़ी 2025 में जोरदार वापसी करने को तैयार हैं। उन्होंने इस सीज़न में कई टॉप-10 फिनिश के साथ लल्ला मेरियम कप में उपविजेता स्थान भी हासिल किया है।
दीक्षा की नजर अब अक्टूबर में होने वाले वीमेंस इंडियन ओपन पर भी टिकी हुई है। दूसरी ओर, 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली प्रणवी उर्स और नई खिलाड़ी अवनी प्रशांत भी टूर पर लगातार प्रगति कर रही हैं।
दीक्षा की टीम में कर्स्टन रजली, मोमोका कोबोरी और क्लो विलियम्स शामिल हैं। अदिति अशोक की टीम में प्रणवी उर्स, उर्सुला विकस्ट्रॉम और अयाको उएहारा हैं, जबकि अवनी हेलेन ब्रिएम, पैट्रीशिया इसाबेल श्मिट और एगाथ सॉज़ों के साथ खेलेंगी।
LET और अब LPGA टूर पर ध्यान केंद्रित कर चुकीं अदिति अशोक अपने शानदार करियर से भारत की अन्य गोल्फर्स के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं। वह नियमित रूप से PIF लंदन चैंपियनशिप जैसे बड़े LET टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेती हैं।
टूर्नामेंट में शीर्ष अंतरराष्ट्रीय गोल्फर्स भी शिरकत करेंगी, जिससे इसकी प्रतिष्ठा और बढ़ेगी। चार्ली हुल, जो गोल्फ सऊदी की ब्रांड एंबेसडर हैं और हाल ही में AIG विमेन्स ओपन में उपविजेता रहीं, इस टूर्नामेंट में प्रमुख खिलाड़ियों में शामिल होंगी। उनके साथ मेजर चैंपियन जॉर्जिया हॉल, पैटी तवतनाकिट, 2023 एवियन चैंपियनशिप विजेता सेलीन बाउटियर और एलिसन ली भी नजर आएंगी।
With inputs from IANS