YouTube में वैश्विक बाधा के बाद सेवाएं काफी हद तक बहालBy Admin Wed, 18 February 2026 11:15 AM

मुंबई। Google के स्वामित्व वाले वीडियो प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने बुधवार को बताया कि वैश्विक स्तर पर आई तकनीकी समस्या के बाद उसकी अधिकांश सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। इस आउटेज के दौरान हजारों यूजर्स ने प्लेटफॉर्म पर दिक्कतों की शिकायत की थी।

“हम वापस आ गए हैं!! यह समस्या पूरे यूट्यूब पर ठीक कर दी गई है। रिपोर्ट करने और धैर्य रखने के लिए धन्यवाद,” टीमयूट्यूब ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया।

कंपनी ने बताया कि होमपेज बहाल कर दिया गया है और तकनीकी टीम पूरी तरह से समस्या के समाधान पर काम कर रही है।

पोस्ट में कहा गया, “अपडेट: हमारे रिकमेंडेशन सिस्टम में आई गड़बड़ी के कारण यूट्यूब के विभिन्न प्लेटफॉर्म (होमपेज, यूट्यूब ऐप, यूट्यूब म्यूजिक और यूट्यूब किड्स) पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे थे। होमपेज अब ठीक हो गया है, लेकिन हम पूर्ण समाधान पर काम कर रहे हैं – जल्द और अपडेट देंगे।”

आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, कई देशों में 3,21,958 से अधिक यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई। भारत में सुबह करीब 6 बजे से समस्या की रिपोर्ट आनी शुरू हुई और लगभग 20,000 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 70 प्रतिशत से अधिक ऐप यूजर्स की थीं।

अमेरिका में 3.2 लाख से अधिक यूजर्स ने आउटेज की सूचना दी। YouTube TV पर 8,923 शिकायतें दर्ज हुईं, जबकि Google को 2,694 रिपोर्ट्स मिलीं।

इस बीच, यूट्यूब की मूल कंपनी Alphabet Inc. ने इस सप्ताह की शुरुआत में बताया कि उसकी वार्षिक आय पहली बार 400 अरब डॉलर से अधिक हो गई है। साथ ही, जेमिनी एआई ऐप के 75 करोड़ से अधिक मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता हो चुके हैं।

कंपनी की तिमाही आय कॉल के दौरान सीईओ Sundar Pichai ने बताया कि चार महीने पहले लॉन्च किए गए जेमिनी एंटरप्राइज के 80 लाख से अधिक पेड सीट्स बेचे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा, “दिसंबर में जेमिनी 3 के लॉन्च के बाद प्रति यूजर एंगेजमेंट में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। हमारे एआई निवेश और इंफ्रास्ट्रक्चर राजस्व और विकास को गति दे रहे हैं। 2026 के लिए हमारा कैपेक्स निवेश 175 से 185 अरब डॉलर के बीच रहने की संभावना है।”

 

With inputs from IANS