
नई दिल्ली। मेटा अब अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप के इस्तेमाल का तरीका बदलने की तैयारी में है। कंपनी ने इन ऐप्स के लिए नए ‘प्लस’ सब्सक्रिप्शन प्लान पेश किए हैं, जिनके तहत यूजर्स को कई खास और प्रीमियम फीचर्स मिलेंगे।
कंपनी का उद्देश्य विज्ञापनों पर निर्भरता कम करते हुए प्रीमियम सेवाओं के जरिए नई कमाई के रास्ते तैयार करना है। इन सब्सक्रिप्शन प्लान्स के जरिए यूजर्स को एडवांस टूल्स, ज्यादा कस्टमाइजेशन और बेहतर विजिबिलिटी जैसी सुविधाएं दी जाएंगी, जो सामान्य यूजर्स को नहीं मिलेंगी।
मेटा ने इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत 3.99 डॉलर प्रति माह यानी करीब 387 रुपये रखी है, जबकि व्हाट्सऐप प्लस के लिए 2.99 डॉलर यानी लगभग 290 रुपये प्रति माह देने होंगे। हालांकि भारत में इसकी आधिकारिक कीमतों की घोषणा अभी नहीं की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार इंस्टाग्राम प्लस यूजर्स को कई खास फीचर्स मिलेंगे। इनमें यह देखने की सुविधा शामिल होगी कि उनकी स्टोरी को कितने लोगों ने दोबारा देखा। इसके अलावा यूजर्स क्लोज फ्रेंड्स से आगे बढ़कर अनलिमिटेड स्टोरी ऑडियंस लिस्ट भी बना सकेंगे।
प्रीमियम यूजर्स बिना नाम दिखाए किसी की स्टोरी देख सकेंगे और उनकी स्टोरी 24 घंटे से ज्यादा समय तक एक्टिव रहेगी। साथ ही हर सप्ताह एक स्टोरी को अतिरिक्त विजिबिलिटी के लिए हाइलाइट भी किया जा सकेगा।
इसके अलावा यूजर्स स्टोरी व्यूअर लिस्ट में सर्च कर पाएंगे और प्रोफाइल या हाइलाइट्स पर सीधे पोस्ट डाल सकेंगे, बिना उन्हें फॉलोअर्स की फीड में दिखाए।
मेटा ने इंस्टाग्राम प्लस में कुछ खास डिजाइन और विजुअल फीचर्स भी जोड़े हैं। इनमें एनिमेटेड ‘सुपर हार्ट’ रिएक्शन, बायो के लिए खास फॉन्ट, कस्टम ऐप आइकन और अतिरिक्त प्रोफाइल पिनिंग विकल्प शामिल हैं।
फेसबुक प्लस में भी इसी तरह के प्रीमियम फीचर्स मिलने की उम्मीद है, जबकि व्हाट्सऐप प्लस को मैसेजिंग अनुभव बेहतर बनाने पर केंद्रित किया गया है। इसमें कस्टम चैट थीम, एक्सक्लूसिव रिंगटोन, प्रीमियम स्टिकर्स, ज्यादा पिन्ड चैट्स और एडवांस लिस्ट कस्टमाइजेशन जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
मेटा की प्रोडक्ट हेड नाओमी ग्लाइट ने संकेत दिया है कि आने वाले समय में सब्सक्राइबर्स के लिए और भी नए फीचर्स जोड़े जाएंगे।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ये नए सब्सक्रिप्शन प्लान ‘मेटा वेरिफाइड’ सेवा से अलग हैं। मेटा वेरिफाइड फिलहाल पहचान सत्यापन, फर्जी अकाउंट से सुरक्षा और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं देता है।
इसके साथ ही मेटा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सेवाओं में भी अपने भुगतान वाले विकल्पों का विस्तार कर रही है। कंपनी ‘मेटा वन’ नाम से एक नया सब्सक्रिप्शन इकोसिस्टम तैयार कर रही है, जिसमें एआई, क्रिएटर और बिजनेस टूल्स को शामिल किया जाएगा।
With inputs from IANS