तकनीकी खामी से प्रभावित हुई सीयूईटी-यूजी परीक्षा, एनटीए ने बदला परीक्षा समयBy Admin Sat, 30 May 2026 07:22 PM

नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा के समय में संशोधन किया है। यह फैसला कुछ परीक्षा केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा शुरू होने में हुई देरी के बाद लिया गया।

एनटीए ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी सूचना में बताया कि परीक्षा संचालन से जुड़ी सेवा प्रदाता कंपनी की ओर से तकनीकी खामी आने के कारण 30 मई को कुछ केंद्रों पर परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी।

एजेंसी के अनुसार, समस्या का समाधान कर लिया गया है और यह सुनिश्चित किया गया है कि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो। सभी प्रभावित विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए पूरा अतिरिक्त समय दिया जा रहा है।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर सत्र के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश अब दोपहर 2:30 बजे से होगा, जबकि परीक्षा पहले निर्धारित 3:00 बजे के बजाय शाम 4:00 बजे शुरू होगी।

एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया कि सुबह सत्र के अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है और उन्हें परीक्षा पूरी होने के बाद ही केंद्र से बाहर जाने की अनुमति होगी।

एजेंसी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

गौरतलब है कि सीयूईटी-यूजी देशभर के विद्यार्थियों को विभिन्न केंद्रीय, राज्य, मानित और निजी विश्वविद्यालयों में प्रवेश के लिए एक समान अवसर प्रदान करने वाली प्रमुख प्रवेश परीक्षा है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के छात्रों को उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच बनाने में मदद मिलती है।

पिछले वर्ष इस परीक्षा के लिए 13 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा देशभर के सैकड़ों केंद्रों पर अनेक विषयों और भाषाओं में आयोजित की गई थी।
 

With inputs from IANS