




नई दिल्ली: भारत ने कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ओडिशा के बलांगीर से पहली बार व्यावसायिक स्तर पर ड्राइड होल एग पाउडर (सूखे पूरे अंडे का पाउडर) की खेप ऑस्ट्रिया के लिए रवाना की गई है। इससे भारतीय वैल्यू-एडेड पोल्ट्री उत्पादों को यूरोपीय बाजार में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) ने इस निर्यात को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बलांगीर स्थित ओवीओ फार्म प्राइवेट लिमिटेड ने, जो APEDA में पंजीकृत निर्यातक है, इस 22.6 मीट्रिक टन ड्राइड होल एग पाउडर की खेप को ऑस्ट्रिया भेजा। APEDA के अध्यक्ष अभिषेक देव ने वर्चुअल माध्यम से इस खेप को रवाना किया।

सरकारी बयान के अनुसार, भारतीय प्रसंस्कृत अंडा उत्पादों की वैश्विक स्तर पर बढ़ती स्वीकार्यता का यह बड़ा प्रमाण है। ऑस्ट्रिया सहित कई यूरोपीय देशों में एग पाउडर का उपयोग खाद्य प्रसंस्करण, बेकरी, कन्फेक्शनरी और औषधि उद्योगों में बड़े पैमाने पर किया जाता है।
मंत्रालय का कहना है कि इस सफलता से ओडिशा में पोल्ट्री प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, कृषि-आधारित उद्योगों को नई गति मिलेगी और राज्य से वैल्यू-एडेड उत्पादों के निर्यात के अवसर भी बढ़ेंगे।
निर्यात को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने वर्ष 2025 में बलांगीर में अत्याधुनिक एग प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की है। यहां तैयार होने वाले ड्राइड एग उत्पाद भारतीय और अंतरराष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों, यूरोपीय संघ की स्वच्छता आवश्यकताओं तथा अन्य वैश्विक गुणवत्ता मानकों का पालन करते हैं।
ड्राइड होल एग पाउडर अपनी लंबी शेल्फ लाइफ, आसान परिवहन और बहुउपयोगिता के कारण खाद्य उद्योग में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसे तरल अंडों को स्प्रे-ड्राइंग तकनीक से तैयार किया जाता है और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों को सुनिश्चित करने के लिए कड़े गुणवत्ता परीक्षणों से गुजारा जाता है।
With inputs from IANS


