

नई दिल्ली। अमेरिकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी OpenAI के लोकप्रिय चैटबॉट ChatGPT में मंगलवार को तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली, जिसके कारण Codex, Custom GPTs और Workspace Analytics सहित कई सेवाएं प्रभावित रहीं। कंपनी ने कहा कि अधिकांश सेवाएं बहाल कर दी गई हैं, जबकि कुछ समस्याओं को दूर करने का काम अभी जारी है।
आउटेज ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Downdetector के अनुसार, दोपहर 1 बजे से 2 बजे के बीच शिकायतों में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। कुल रिपोर्ट की गई समस्याओं में लगभग 75 प्रतिशत शिकायतें ChatGPT से जुड़ी थीं, जबकि 12 प्रतिशत DALL-E और 8 प्रतिशत मोबाइल ऐप से संबंधित थीं।
OpenAI के मुताबिक, यह तकनीकी समस्या विशेष रूप से FedRAMP वर्कस्पेस को प्रभावित कर रही थी। इसके चलते Codex, Workspace Analytics, Conversation Search, Custom GPT Search, ChatGPT User Invites और Compliance Logs Platform के डाउनलोड एंडपॉइंट जैसी सेवाओं में दिक्कत आई।

कंपनी ने एक बयान में कहा कि FedRAMP वर्कस्पेस में Codex, Workspace Analytics, Conversation Search, Custom GPT Search, ChatGPT User Invites और Compliance Logs Platform डाउनलोड एंडपॉइंट फिलहाल ठीक से काम नहीं कर रहे हैं।
बाद में OpenAI ने जानकारी दी कि मुख्य सेवाओं को बहाल कर दिया गया है, लेकिन FedRAMP वर्कस्पेस से जुड़ी कुछ सुविधाओं में अभी भी समस्या बनी हुई है। कंपनी ने कहा कि उसकी तकनीकी टीम इन दिक्कतों को जल्द से जल्द दूर करने में जुटी है और स्थिति सामान्य होते ही आगे की जानकारी साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले जून में एलन मस्क के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) को भी बड़े स्तर पर तकनीकी बाधा का सामना करना पड़ा था। उस दौरान करीब 40 प्रतिशत उपयोगकर्ताओं ने ऐप में समस्या की शिकायत की थी, जबकि 29 प्रतिशत ने फीड और टाइमलाइन तथा 18 प्रतिशत ने वेबसाइट के काम न करने की जानकारी दी थी।
With inputs from IANS