रिपोर्ट: भारत के 84% सी-सूट अधिकारियों का मानना, AI बना रहा है नई नौकरियांBy Admin Wed, 08 July 2026 11:05 AM

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच भारत के 84 प्रतिशत सी-सूट (शीर्ष प्रबंधन) अधिकारियों का मानना है कि AI उनकी कंपनियों में नई भूमिकाएं और रोजगार के अवसर पैदा कर रहा है। बुधवार को जारी LinkedIn की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई।

रिपोर्ट के अनुसार, यह धारणा सबसे अधिक चीफ मार्केटिंग ऑफिसर्स (CMOs) में देखने को मिली, जहां 94 प्रतिशत अधिकारियों ने कहा कि AI नए पदों और जिम्मेदारियों का सृजन कर रहा है। इससे स्पष्ट है कि AI का असर अब कारोबार के विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के 84 प्रतिशत सी-सूट अधिकारियों के लिए AI टूल्स से मिलने वाले सुझाव अब कारोबारी फैसले लेने की प्रक्रिया का अहम हिस्सा बन चुके हैं।

हालांकि, लगभग हर पांच में से चार वरिष्ठ अधिकारियों ने माना कि उन पर AI को तेजी से अपनाने का दबाव है, जबकि उसके वास्तविक प्रभाव का सही आकलन करने के लिए पर्याप्त समय और स्पष्ट व्यवस्था नहीं है। यह दबाव सबसे अधिक CMOs (82 प्रतिशत) और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर्स (CTOs) (81 प्रतिशत) पर देखा गया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

लगातार बदलते कारोबारी माहौल में 39 प्रतिशत वरिष्ठ अधिकारियों ने अनिश्चितताओं के बीच तेजी से निर्णय लेना अपनी सबसे बड़ी नेतृत्व संबंधी चुनौतियों में से एक बताया। यह चुनौती CMOs (46 प्रतिशत) और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर्स (CEOs) (43 प्रतिशत) के बीच सबसे अधिक रही।

Kumaresh Pattabiraman ने कहा कि भारत के शीर्ष प्रबंधन के लिए नेतृत्व का नया दौर पहले से अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। AI पारंपरिक कार्यशैली को तेजी से बदल रहा है, ऐसे में नेताओं को तेजी से फैसले लेने, बदलावों के अनुरूप खुद को ढालने और लगातार नए तथ्यों के आधार पर अपनी रणनीति विकसित करनी होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत के सी-सूट अधिकारियों में अब मिलेनियल पीढ़ी सबसे बड़ा समूह बन चुकी है और इनकी हिस्सेदारी 55 प्रतिशत है।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि 51 प्रतिशत भारतीय सी-सूट अधिकारियों को इस बात की स्पष्ट जानकारी नहीं है कि भविष्य में उनकी कंपनियों को किन नई भूमिकाओं, कौशलों और क्षमताओं की आवश्यकता होगी। यह चिंता CMOs के बीच सबसे अधिक 58 प्रतिशत दर्ज की गई।

इन चुनौतियों के बावजूद AI से जुड़ी उम्मीदें मजबूत बनी हुई हैं। लगभग 90 प्रतिशत भारतीय सी-सूट अधिकारियों का मानना है कि AI में किए गए निवेश का सबसे महत्वपूर्ण परिणाम नवाचार (इनोवेशन) होना चाहिए।

 

With inputs from IANS