
नई दिल्ली: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन सेवा 15 अगस्त 2027 से चरणबद्ध तरीके से शुरू होगी। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (एमएएचएसआर) कॉरिडोर के सूरत-बिलीमोरा खंड पर सबसे पहले देश की पहली हाई स्पीड रेल सेवा का संचालन शुरू किया जाएगा।
508 किलोमीटर लंबे मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को चरणों में चालू किया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग के पूरा होने से पहले ही विभिन्न हिस्सों में यात्री सेवाएं शुरू की जा सकें। सूरत-बिलीमोरा खंड के बाद वापी-सूरत, वापी-अहमदाबाद, अहमदाबाद-ठाणे और अहमदाबाद-मुंबई खंडों पर भी क्रमिक रूप से सेवाएं शुरू की जाएंगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार, अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना अब अपने अगले चरण में पहुंच गई है और निर्माणाधीन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का पहला चरण सूरत-बिलीमोरा के बीच शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना है, जिसके शुरू होने से देश की दो प्रमुख आर्थिक राजधानियों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। इसके साथ ही अत्याधुनिक रेल तकनीक को बढ़ावा मिलेगा, क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और कॉरिडोर से जुड़े क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्री ने देश में हाई स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार की दीर्घकालिक योजना की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हैदराबाद को केंद्र में रखते हुए तीन नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-चेन्नई और हैदराबाद-बेंगलुरु मार्ग शामिल हैं, जो दक्षिण भारत में तेज और बेहतर संपर्क स्थापित करेंगे।
इसके अलावा हैदराबाद-मुंबई हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की भी योजना बनाई गई है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद को तीन हाई स्पीड बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की सौगात दी है, जो शहर और आसपास के क्षेत्रों के विकास की तस्वीर बदल देंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नेटवर्क तेलंगाना के बड़े हिस्से को जोड़ेगा और राज्य के कई जिलों के बीच संपर्क को मजबूत करेगा।
रेल मंत्री ने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण कार्यक्रम का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 'नव-निर्माण' पहल के तहत देशभर के 261 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आधारभूत संरचना के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है। तेलंगाना में सिकंदराबाद, बेगमपेट और हाईटेक सिटी सहित कई प्रमुख रेलवे स्टेशन इस योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं।
With inputs from IANS