ड्रोन क्षेत्र को मिलेगी नई उड़ान, बेंगलुरु में बनेगा 100 MWh क्षमता वाला अत्याधुनिक एविएशन बैटरी प्लांटBy Admin Mon, 27 July 2026 12:50 PM

नई दिल्ली: भारतीय डीप-टेक कंपनी ड्रीमफ्लाई इनोवेशंस ने सोमवार को घोषणा की कि वह उत्तरी बेंगलुरु में 40,000 वर्ग फुट क्षेत्र में अत्याधुनिक एविएशन बैटरी निर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। यह परियोजना देश के ड्रोन इकोसिस्टम को मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र सरकार की 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' पहल को भी गति देगी।

कंपनी के अनुसार, नए संयंत्र की शुरुआती वार्षिक उत्पादन क्षमता 100 मेगावाट-घंटा (MWh) होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 200 MWh तक किया जा सकेगा। यह भारत में ड्रोन उद्योग के लिए समर्पित सबसे बड़े एविएशन बैटरी निर्माण संयंत्रों में से एक होगा।

इस प्लांट में रक्षा, निगरानी, बुनियादी ढांचे के निरीक्षण, कृषि में ड्रोन स्प्रे, लॉजिस्टिक्स और एयर टैक्सी जैसी उभरती एयर मोबिलिटी सेवाओं के लिए उन्नत बैटरियों का निर्माण किया जाएगा।

कंपनी का कहना है कि इस निवेश से मानव रहित विमान प्रणालियों (UAS) के सबसे महत्वपूर्ण घटकों में से एक, यानी एविएशन बैटरियों के घरेलू निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और आयात पर निर्भरता कम होगी।

ड्रीमफ्लाई इनोवेशंस के अनुसार, उसके मौजूदा उत्पादों में 77 प्रतिशत स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया जाता है। यह किसान ड्रोन नीति के उद्देश्यों के अनुरूप है और देश के ड्रोन निर्माताओं को स्वदेश में विकसित ऊर्जा समाधान उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

कंपनी की सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) काजल शाह ने कहा कि ड्रोन की क्षमता, सुरक्षा, उड़ान अवधि और विश्वसनीयता काफी हद तक उसकी बैटरी पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा, "भारत में ड्रोन उद्योग तेजी से विस्तार कर रहा है। ऐसे समय में उन्नत एविएशन बैटरियों के घरेलू निर्माण की क्षमता विकसित करना बेहद जरूरी है। हमारा नया संयंत्र भारत में विश्वस्तरीय बैटरियों का निर्माण करेगा, स्थानीय ड्रोन उद्योग को मजबूती देगा और विकसित भारत, मेक इन इंडिया तथा आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।"

कंपनी ने कहा कि यह विस्तार स्वदेशी डीप-टेक क्षमताओं को विकसित करने और भारत को ड्रोन एवं अगली पीढ़ी की विमानन प्रौद्योगिकियों का वैश्विक केंद्र बनाने की उसकी दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है।

 

With inputs from IANS