





नई दिल्ली: ऑनलाइन खरीदारी और सब्सक्रिप्शन के दौरान उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाली भ्रामक डिजिटल रणनीतियों यानी 'डार्क पैटर्न' के खिलाफ केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने IndiGo, Zepto, Physics Wallah, BookMyShow, FirstCry, SpiceJet समेत नौ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जुर्माना लगाया है।
इस कार्रवाई की जानकारी उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने राज्यसभा में लिखित जवाब के माध्यम से दी। मंत्रालय ने बताया कि CCPA उपभोक्ताओं को भ्रमित करने वाले ऑनलाइन इंटरफेस और खरीदारी को प्रभावित करने वाली डिजिटल तकनीकों पर लगातार निगरानी रख रहा है।
सरकार के अनुसार, इन कंपनियों पर ड्रिप प्राइसिंग, बास्केट स्नीकिंग, कन्फर्म शेमिंग, सब्सक्रिप्शन ट्रैप और भ्रामक प्रॉम्प्ट जैसे डार्क पैटर्न अपनाने का आरोप था। इन तरीकों का इस्तेमाल उपभोक्ताओं को ऐसी खरीदारी या निर्णय लेने के लिए प्रेरित करने में किया जाता है, जो वे सामान्य परिस्थितियों में शायद न करते।
CCPA अब तक इन मामलों में करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना वसूल चुका है। जून 2025 में प्राधिकरण ने सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को स्वयं ऑडिट कर अपने प्लेटफॉर्म से डार्क पैटर्न हटाने के निर्देश भी दिए थे।
सबसे अधिक 7 लाख रुपये का जुर्माना क्विक कॉमर्स कंपनी Zepto Marketplace पर लगाया गया। जांच में पाया गया कि ग्राहकों को शुरुआती कीमत दिखाने के बाद चेकआउट के दौरान अतिरिक्त हैंडलिंग शुल्क और मेंबरशिप फीस जोड़ दी जाती थी। CCPA ने इसे ड्रिप प्राइसिंग और बास्केट स्नीकिंग माना। हस्तक्षेप के बाद कंपनी ने इन प्रक्रियाओं को बंद कर दिया।
एडटेक प्लेटफॉर्म Physics Wallah पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। CCPA ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पाया कि कंपनी ने PW Foundation के लिए 10 रुपये का दान पहले से चयनित (Pre-selected) रखा था और इसे हटाने से रोकने के लिए भावनात्मक संदेश दिखाए जाते थे। साथ ही, मुफ्त कोर्स तक पहुंचने से पहले उपयोगकर्ताओं से व्यक्तिगत जानकारी भी मांगी जा रही थी। कंपनी ने जुर्माना जमा कर संबंधित प्रथाएं समाप्त कर दी हैं।

एयरलाइन IndiGo के मोबाइल ऐप में भी CCPA ने कन्फर्म शेमिंग का मामला पाया। ऐप में बीमा या अतिरिक्त सुविधा न लेने पर "No I will take risk" जैसा संदेश दिखाया जाता था। CCPA की आपत्ति के बाद इसे बदलकर "No, I will not add to the trip" कर दिया गया।
इसी तरह BookMyShow को अपने BookASmile अभियान के लिए पहले से चुड़ा हुआ 1 रुपये का दान विकल्प हटाने का निर्देश दिया गया, जिसे CCPA ने बास्केट स्नीकिंग की श्रेणी में रखा।
इसके अलावा FirstCry पर 2 लाख रुपये, कोचिंग प्लेटफॉर्म Anuj Jindal पर 3 लाख रुपये, जबकि PharmaEasy, McAfee और SpiceJet पर 1-1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। सरकार ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
With inputs from IANS