एंथ्रोपिक ने पेश किए Claude 5.2 के दो नए AI मॉडल, एडवांस्ड कोडिंग और साइबर सुरक्षा पर जोरBy IANS Tue, 10 November 2026 03:48 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंपनी एंथ्रोपिक ने अपने दो नए उन्नत एआई मॉडल Claude Fable 5.2 और Claude Mythos 5.2 लॉन्च किए हैं। इन मॉडलों को एडवांस्ड कोडिंग, गणित, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे जटिल क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन के लिए विकसित किया गया है। कंपनी के मुताबिक, ये मॉडल लंबे समय तक स्वतंत्र रूप से काम करने और जटिल तकनीकी कार्यों को पूरा करने में सक्षम हैं।

एंथ्रोपिक ने बताया कि Claude Fable और Claude Mythos एक ही आधारभूत मॉडल पर निर्मित हैं, लेकिन उनकी क्षमताओं और उपलब्धता में अंतर रखा गया है।

कंपनी के अनुसार, Fable 5.2 में साइबर सुरक्षा और जैविक अनुसंधान से जुड़े दुरुपयोग को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा उपाय शामिल किए गए हैं। इससे इसे आम उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा। यह मॉडल Amazon Bedrock जैसे क्लाउड प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

दूसरी ओर, Mythos 5.2 को साइबर सुरक्षा में कमजोरियों की पहचान और संवेदनशील वैज्ञानिक अनुसंधान जैसे उन्नत कार्यों के लिए तैयार किया गया है। इसकी क्षमताओं के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए कंपनी ने इसकी उपलब्धता पर कड़े प्रतिबंध लगाए हैं। साइबर सुरक्षा और बायोमेडिकल अनुसंधान के लाभकारी उपयोग से जुड़े संगठन एंथ्रोपिक के लाइफ साइंसेज और साइबर वेरिफिकेशन प्रोग्राम के माध्यम से इसकी पहुंच के लिए आवेदन कर सकते हैं।

कंपनी ने बताया कि नए मॉडलों की स्वायत्त रूप से काम करने की क्षमता में भी सुधार हुआ है। ये कई घंटों से लेकर कई दिनों तक स्वतंत्र रूप से काम कर सकते हैं, एक साथ कई एआई एजेंटों के बीच समन्वय स्थापित कर सकते हैं और जटिल सॉफ्टवेयर परियोजनाओं को संभाल सकते हैं।

एंथ्रोपिक ने गणितीय तर्क क्षमता में सुधार का उल्लेख करते हुए बताया कि उसके मॉडलों ने करीब 1,000 एआई एजेंटों की मदद से फर्मा के अंतिम प्रमेय (Fermat's Last Theorem) का औपचारिक गणितीय प्रमाण तैयार करने में योगदान दिया। यह प्रक्रिया लगभग 30 घंटे में पूरी हुई और इसमें मानवीय हस्तक्षेप सीमित रहा।

कंपनी के मुताबिक, इन मॉडलों ने तीन कार्यशील इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के डिजाइन में भी योगदान दिया। इसके अलावा, सिम्युलेटेड रोबोटिक्स कार्यों में प्रदर्शन बेहतर किया और ब्लैक होल से संबंधित सैद्धांतिक भौतिकी की कुछ अनसुलझी समस्याओं पर अनुसंधान में मदद की।

दोनों मॉडलों के लिए एंथ्रोपिक ने प्रति 10 लाख इनपुट टोकन पर 8 डॉलर और प्रति 10 लाख आउटपुट टोकन पर 40 डॉलर की मानक कीमत निर्धारित की है।

कंपनी ने इनके साथ वैकल्पिक फास्ट मोड की सुविधा भी दी है, जिससे टोकन जनरेशन की गति 2.5 गुना तक बढ़ाई जा सकती है। इस सुविधा के लिए प्रति 10 लाख इनपुट टोकन पर 16 डॉलर और प्रति 10 लाख आउटपुट टोकन पर 80 डॉलर खर्च करने होंगे।

इस बीच, एंथ्रोपिक के संभावित आईपीओ को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, कंपनी 10 नवंबर 2026 से अमेरिका में अपने प्रस्तावित आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए औपचारिक मार्केटिंग शुरू कर सकती है। इस पेशकश का आकार स्पेसएक्स के रिकॉर्ड आईपीओ के बराबर हो सकता है।

रिपोर्टों में संभावित निवेशकों के बीच कंपनी का मूल्यांकन 1.1 लाख करोड़ से 1.3 लाख करोड़ डॉलर के बीच लगाए जाने की बात कही गई है। यह इस महीने की शुरुआत में चर्चा में रहे 1.5 लाख करोड़ से 2 लाख करोड़ डॉलर के अनुमान से कम है।

सैन फ्रांसिस्को स्थित एंथ्रोपिक ने अमेरिका में आईपीओ के लिए आवेदन किया है। कंपनी नैस्डैक में 'ANT' टिकर के तहत सूचीबद्ध होने की तैयारी कर रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून 2026 को समाप्त छह महीने की अवधि में कंपनी का राजस्व 16.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया।