
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत और फ्रांस ने अंतरिक्ष क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा करते हुए दोनों देशों के अंतरिक्ष उद्योगों के बीच व्यावसायिक साझेदारी बढ़ाने के नए रास्तों पर चर्चा की। मंगलवार को पेरिस में आयोजित तीसरी भारत-फ्रांस रणनीतिक अंतरिक्ष वार्ता में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी सीएनईएस के बीच जारी सहयोग भी चर्चा के केंद्र में रहा।
विदेश मंत्रालय (एमईए) के अनुसार, इस वार्ता की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और फ्रांस के यूरोप एवं विदेश मंत्रालय के महासचिव मार्टिन ब्रियेंस ने की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोनों देशों ने अंतरिक्ष क्षेत्र में जारी व्यापक सहयोग की प्रगति की समीक्षा की और इसे आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।
वार्ता के दौरान इसरो और सीएनईएस के बीच सहयोग को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों देशों के अंतरिक्ष उद्योगों के बीच व्यावसायिक साझेदारी को प्रोत्साहित करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा, बहुपक्षीय अंतरिक्ष मुद्दों पर दोनों पक्षों ने अपने विचार साझा किए।
रणनीतिक अंतरिक्ष वार्ता के अलावा, मिस्री और ब्रियेंस ने भारत-फ्रांस आर्थिक सुरक्षा एवं महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी संवाद की पहली बैठक की भी सह-अध्यक्षता की। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय वार्ता भी हुई, जिसमें भारत-फ्रांस संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। इस दौरान आपसी हित से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।
मिस्री इन महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को पेरिस पहुंचे थे। इन संवादों का उद्देश्य अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग का विस्तार करना है। विशेष रूप से मजबूत और भरोसेमंद आपूर्ति श्रृंखला विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
फ्रांस में भारतीय दूतावास ने भी कहा था कि इन बैठकों से अंतरिक्ष, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और आर्थिक सुरक्षा के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और गहराई मिलेगी।
गौरतलब है कि इसी साल अप्रैल में विक्रम मिस्री और मार्टिन ब्रियेंस ने पेरिस में भारत-फ्रांस विदेश कार्यालय परामर्श की सह-अध्यक्षता की थी। उस दौरान नागरिक परमाणु ऊर्जा, रक्षा, अंतरिक्ष, साइबर एवं डिजिटल सहयोग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवाचार तथा लोगों के बीच संपर्क और सांस्कृतिक संबंधों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई थी। इसके अलावा, क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी दोनों पक्षों ने विचार साझा किए थे।
भारत और फ्रांस के बीच अंतरिक्ष सहयोग लंबे समय से द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी का अहम हिस्सा रहा है। मौजूदा वार्ता में व्यावसायिक सहयोग और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों पर दिया गया जोर इस साझेदारी को सरकारी एजेंसियों से आगे बढ़ाकर दोनों देशों के निजी अंतरिक्ष उद्योगों तक विस्तारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।