आपदा प्रबंधन में AI और उभरती तकनीकों के इस्तेमाल पर G20 के विज्ञान वक्तव्य को INSA का समर्थनBy IANS Thu, 12 November 2026 04:41 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (INSA) ने G20 देशों की विज्ञान अकादमियों की ओर से जारी संयुक्त साइंस20 (S20) वक्तव्य का समर्थन किया है। इस पहल के तहत आपदा की बेहतर तैयारी, प्रभावी प्रबंधन और आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ाने के लिए विज्ञान आधारित समाधानों तथा आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

यह संयुक्त वक्तव्य 10 नवंबर को अमेरिकी नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज (NAS) के नेतृत्व में S20 सहभागिता प्रक्रिया के तहत जारी किया गया था। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) के अधीन कार्यरत INSA ने S20-2026 की चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी की और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए उन्नत तकनीकों के इस्तेमाल से जुड़ी सिफारिशों का समर्थन किया।

INSA के अनुसार, वक्तव्य में भारी बारिश, भूकंप, सूखा, जंगलों में आग और अत्यधिक तापमान जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बढ़ते जोखिमों को रेखांकित किया गया है। इन घटनाओं का असर दुनिया भर में लोगों, पारिस्थितिकी तंत्र और अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ रहा है।

वक्तव्य में आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पृथ्वी अवलोकन प्रणाली (Earth Observation Systems), रिमोट सेंसिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल ट्विन, ड्रोन तकनीक और पूर्व चेतावनी प्रणालियों के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया गया है। इन तकनीकों की मदद से आपदा के जोखिम का आकलन, संभावित खतरों की पहचान और समय रहते निर्णय लेने की क्षमता बेहतर हो सकती है।

हालांकि, इसमें यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए डेटा की उपलब्धता, बुनियादी ढांचे की कमी, तकनीकी दक्षता, संस्थागत समन्वय और सभी तक तकनीक की समान पहुंच जैसी चुनौतियों का समाधान जरूरी है। साथ ही, आपदा प्रबंधन और प्रशासन में तकनीक को मानवीय विशेषज्ञता का विकल्प बनाने के बजाय उसका पूरक बनाने की बात कही गई है।

G20 देशों की विज्ञान अकादमियों के बीच विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया यह वक्तव्य सदस्य देशों की सरकारों के बीच चर्चा का आधार बनेगा। इसे दिसंबर 2026 में अमेरिका के मियामी, फ्लोरिडा में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन से पहले भी प्रस्तुत किया जाएगा।

संयुक्त वक्तव्य में आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के लिए जोखिम आकलन में सुधार, डेटा और तकनीक तक सुरक्षित एवं समान पहुंच, स्थानीय स्तर पर क्षमता निर्माण, बेहतर प्रशासनिक ढांचे और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का रोडमैप पेश किया गया है।

इसके अलावा, सरकारों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योग जगत, नागरिक समाज और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने की जरूरत बताई गई है, ताकि मिलकर ज्ञान और तकनीकी समाधान तैयार किए जा सकें।

भारत की राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी के रूप में INSA ने कहा है कि वह इन सिफारिशों को देश के संबंधित हितधारकों तक पहुंचाने के साथ शोधकर्ताओं, वैज्ञानिक संस्थानों और सरकारी एजेंसियों के बीच सहयोग को बढ़ावा देगी। अकादमी आपदा प्रबंधन और आपदा से निपटने की क्षमता मजबूत करने से जुड़े बहुविषयक अनुसंधान तथा ज्ञान के आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहित करती रहेगी।