
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत सेमीकंडक्टर और अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने की दिशा में अपने प्रयास तेज कर रहा है। इसी कड़ी में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) स्वदेशी चिप विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और रक्षा अनुसंधान से जुड़ी तकनीकों को प्रयोगशालाओं से निकालकर औद्योगिक उपयोग के करीब पहुंचाने में जुटा है।
कुवैत टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, आधुनिक रक्षा प्रणालियों से लेकर दूरसंचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नेविगेशन, निगरानी और एयरोस्पेस तक लगभग हर महत्वपूर्ण क्षेत्र में सेमीकंडक्टर की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इन तकनीकों का घरेलू स्तर पर विकास भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, तकनीकी आत्मनिर्भरता और वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण हो गया है।
रिपोर्ट में बताया गया कि नई दिल्ली के भारत मंडपम में 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव (ESTIC) 2026 में डीआरडीओ ने सेमीकंडक्टर और अगली पीढ़ी की चिप तकनीकों पर विशेष सत्र का नेतृत्व किया। इस दौरान संगठन ने अपनी विभिन्न प्रयोगशालाओं में विकसित कई अत्याधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन भी किया।
इस आयोजन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और स्वदेशी चिप विकास से जुड़ी संस्थाओं ने हिस्सा लिया। चर्चा का मुख्य उद्देश्य उन्नत सेमीकंडक्टर डिजाइन और विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग तथा औद्योगिक संभावनाओं को तलाशना था।
प्रदर्शनी में डीआरडीओ की दिल्ली स्थित सॉलिड स्टेट फिजिक्स लेबोरेटरी द्वारा विकसित गैलियम आर्सेनाइड (GaAs) और गैलियम नाइट्राइड (GaN) आधारित मोनोलिथिक माइक्रोवेव इंटीग्रेटेड सर्किट (MMICs), मल्टी-चिप मॉड्यूल और इन्फ्रारेड फोकल प्लेन एरे (IRFPAs) प्रमुख आकर्षण रहे।
इन विशेष सेमीकंडक्टर उपकरणों का इस्तेमाल आधुनिक रडार प्रणालियों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और मिसाइल तकनीक में किया जाता है। MMICs उच्च आवृत्ति और अधिक शक्ति वाले इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के संचालन में मदद करते हैं, जबकि इन्फ्रारेड फोकल प्लेन एरे मिसाइलों में लगे इमेजिंग सिस्टम को लक्ष्य की पहचान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने में सक्षम बनाते हैं। विशेष रूप से मिसाइल की उड़ान के अंतिम चरण में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
डीआरडीओ ने शॉर्ट-वेव, मिड-वेव और लॉन्ग-वेव इन्फ्रारेड तकनीकों का भी प्रदर्शन किया। ये तकनीकें उन्नत इन्फ्रारेड सेंसर और रक्षा इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में भारत की घरेलू क्षमता को दर्शाती हैं।
सेमीकंडक्टर और माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स से आगे बढ़ते हुए संगठन ने स्क्रैमजेट इंजन तकनीक, न्यूरोमॉर्फिक एक्सेलरेटर, फोटोनिक इंटीग्रेटेड सर्किट, क्वांटम रैंडम नंबर जेनरेटर और लेजर प्रॉक्सिमिटी सेंसर भी प्रदर्शित किए। इसके अलावा उन्नत संचार प्रणालियों, क्वांटम तकनीक के प्रोटोटाइप, ऊर्जा प्रबंधन प्रणालियों और सैन्यकर्मियों की सुरक्षा से जुड़े उपकरणों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया।
न्यूरोमॉर्फिक एक्सेलरेटर विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। मानव मस्तिष्क की सूचना संसाधित करने की कार्यप्रणाली से प्रेरित ये तकनीकें अधिक ऊर्जा-कुशल कंप्यूटिंग, पैटर्न पहचान और वास्तविक समय में एआई आधारित विश्लेषण की संभावनाएं विकसित करने में मदद कर सकती हैं।
वहीं, फोटोनिक इंटीग्रेटेड सर्किट में इलेक्ट्रॉन के बजाय प्रकाश का उपयोग करके सूचना संसाधित और प्रसारित की जाती है। इससे भविष्य की उच्च गति वाली संचार और कंप्यूटिंग प्रणालियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। क्वांटम तकनीक भी सुरक्षित संचार, उन्नत सेंसर और अगली पीढ़ी की कंप्यूटिंग के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इन पहलों से स्पष्ट है कि डीआरडीओ का प्रयास केवल रक्षा उपकरणों के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि देश में उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स, चिप डिजाइन और भविष्य की तकनीकों के लिए एक मजबूत स्वदेशी आधार तैयार करना भी है। इससे रक्षा क्षेत्र में विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम करने और घरेलू अनुसंधान को उद्योग से जोड़ने में मदद मिल सकती है।