एआई की मदद से हैकर तेजी से खोज रहे सुरक्षा खामियां, कंपनियों की तैयारी पीछे: सिस्को सीईओBy IANS Wed, 25 November 2026 06:39 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) साइबर हमलावरों की ताकत बढ़ा रहा है। इसकी मदद से हैकर कंपनियों के तकनीकी सिस्टम में मौजूद कमजोरियों का पता लगाकर उनका फायदा पहले से कहीं अधिक तेजी से उठा रहे हैं, जबकि कई संगठनों के लिए समय रहते इन खतरों से निपटना चुनौती बनता जा रहा है। सिस्को सिस्टम्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) चक रॉबिंस ने बुधवार को यह चेतावनी देते हुए कंपनियों और उद्योग जगत के नेताओं से साइबर सुरक्षा तथा तकनीकी आधुनिकीकरण में तेजी लाने की अपील की।

रॉबिंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने एक पोस्ट में अलायंस फॉर क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर (एसीआई) की नई गाइडलाइन का समर्थन किया। वह इस अंतर-क्षेत्रीय उद्योग संगठन के बोर्ड में भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों को समय रहते चेतावनी मिल गई है और अब उन्हें तत्काल कदम उठाने चाहिए।

रॉबिंस ने लिखा, "एआई का इस्तेमाल तकनीकी प्रणालियों की कमजोरियों का पता लगाने में किया जा रहा है। यह काम कई कंपनियों की उन्हें ठीक करने की क्षमता से ज्यादा तेजी से हो रहा है। हमारे पास अभी कार्रवाई करने का समय है और यह चेतावनी हमें मिल चुकी है।"

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसीआई की सिफारिशें किसी एक तकनीकी कंपनी या सेवा प्रदाता तक सीमित नहीं हैं। कंपनियां चाहे जिस तकनीक का इस्तेमाल करती हों या किसी भी साझेदार के साथ काम करती हों, उनके लिए सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। रॉबिंस के मुताबिक, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जरूरी सुधार सुरक्षित तरीके से और बिना देरी के शुरू किए जाएं।

एसीआई की रिपोर्ट में कहा गया है कि कई वर्षों तक सॉफ्टवेयर अपग्रेड, सुरक्षा पैच और पुरानी तकनीक को बदलने के काम को टालने के कारण संगठनों पर तकनीकी देनदारी (टेक्निकल डेट) बढ़ गई है। पुरानी प्रणालियों और लंबित सुरक्षा सुधारों का यह बोझ उन्हें तेजी से बदलते साइबर खतरों के प्रति अधिक संवेदनशील बना रहा है।

रिपोर्ट के अनुसार, एआई अब हमलावरों को सुरक्षा खामियां खोजने, उनका फायदा उठाने के लिए तरीके विकसित करने और साइबर हमलों को स्वचालित बनाने में मदद कर रहा है। इससे हमलों की रफ्तार बढ़ रही है, जबकि कई कंपनियां अपने सिस्टम की कमजोरियों को दूर करने में उतनी तेजी नहीं दिखा पा रही हैं।

यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब कंपनियां अपने कामकाज में एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा रही हैं। साथ ही, उनका कारोबार डेटा सेंटर, दूरसंचार नेटवर्क, जल आपूर्ति प्रणालियों और बिजली ग्रिड जैसे आपस में जुड़े डिजिटल तथा भौतिक बुनियादी ढांचों पर निर्भर होता जा रहा है।

एसीआई ने विशेष रूप से महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर साइबर हमलों के संभावित भौतिक प्रभावों को लेकर चिंता जताई है। ऐसे हमलों से न केवल सरकारी और सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, बल्कि आर्थिक गतिविधियों पर भी गंभीर असर पड़ सकता है।

साइबर सुरक्षा की तैयारियों को मजबूत करने के लिए गठबंधन ने कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों से अगले 30 दिनों के भीतर चार प्रमुख क्षेत्रों की समीक्षा करने को कहा है। इनमें महत्वपूर्ण डिजिटल और भौतिक परिसंपत्तियों की पहचान, सुरक्षा संबंधी खतरों पर प्रतिक्रिया देने की गति, एक साथ कई प्रणालियों के विफल होने की स्थिति में उबरने की क्षमता और लंबित सुरक्षा जोखिमों के लिए जवाबदेही तय करना शामिल है।

रिपोर्ट में संगठनों के लिए छह प्राथमिकताएं भी निर्धारित की गई हैं। इनमें सॉफ्टवेयर को हमेशा नवीनतम संस्करण पर रखना, सुरक्षा अपडेट तेजी से लागू करना, इंटरनेट से सीधे जुड़े सिस्टम के जोखिम को कम करना, तकनीक के डिजाइन और विकास के शुरुआती चरण से ही सुरक्षा को शामिल करना, बेहतर निगरानी एवं जवाबदेही व्यवस्था विकसित करना और नियमित रूप से सुरक्षा तथा रिकवरी क्षमता का परीक्षण करना शामिल है।

रिपोर्ट के निष्कर्ष में कहा गया है कि साइबर जोखिमों को पूरी तरह खत्म करना संभव नहीं है, लेकिन तकनीकी देनदारी कम करके, निगरानी व्यवस्था मजबूत बनाकर और खतरों का समय रहते पता लगाने तथा उनसे निपटने की क्षमता विकसित करके संगठन अपनी सुरक्षा को काफी बेहतर बना सकते हैं। किसी बड़े साइबर हमले से पहले तैयारियां करना ही संभावित नुकसान को सीमित करने का सबसे प्रभावी तरीका है।