
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में अपनी स्वदेशी तकनीकी क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इंडियाAI मिशन के तहत चैरियट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा विकसित 'चैरियट-1' फाउंडेशन मॉडल गुरुवार को लॉन्च किए गए। इन मॉडलों को भारतीय भाषाओं की विविधता और देश की विशिष्ट तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) के अनुसार, इन मॉडलों का विकास भारत में स्वदेशी अनुसंधान के माध्यम से किया गया है। इनका उद्देश्य बहुभाषी भाषा प्रसंस्करण और स्पीच जनरेशन की क्षमताओं को बेहतर बनाना है। मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन मॉडलों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शोध और तकनीकी नवाचारों का प्रदर्शन भी किया गया।
चैरियट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस उन शुरुआती चार टीमों में शामिल है, जिन्हें इंडियाAI मिशन के तहत देश में स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल विकसित करने के लिए चुना गया था। यह पहल भारत में उन्नत एआई अनुसंधान को प्रोत्साहित करने और ऐसी तकनीक विकसित करने के सरकार के प्रयासों का हिस्सा है, जो देश की भाषाई, सामाजिक और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप हो।
चैरियट-1 मॉडल श्रृंखला में दो प्रमुख तकनीकें शामिल हैं। इनमें चैरियट-1 लार्ज लैंग्वेज मॉडल (LLM) और चैरियट-1 टेक्स्ट-टू-स्पीच (TTS) मॉडल शामिल हैं। दोनों को भारत में बिल्कुल शुरुआत से प्री-ट्रेनिंग के जरिए विकसित किया गया है। इनका मकसद भाषाओं को समझने, उनके आधार पर जवाब तैयार करने और लिखित सामग्री को स्वाभाविक आवाज में बदलने की क्षमता को आगे बढ़ाना है।
इन मॉडलों के विकास में कंप्यूटिंग संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल, बहुभाषी क्षमता और अलग-अलग तकनीकी प्लेटफॉर्म पर काम करने की अनुकूलता बढ़ाने के लिए कई नए शोध नवाचारों को शामिल किया गया है।
लॉन्च कार्यक्रम में चैरियट की शोध टीम द्वारा विकसित तीन प्रमुख तकनीकी नवाचार भी प्रस्तुत किए गए। इनमें इंडिकशिफ्ट, नेस्टेड ट्रेनिंग और चैरियट-1 टेक्स्ट-टू-स्पीच मॉडल शामिल हैं।
इंडिकशिफ्ट एक ओपन-सोर्स तकनीकी नवाचार है, जो भारतीय लिपियों के लिए साझा वर्णमाला विकसित करने की अवधारणा पर आधारित है। इसका उद्देश्य अलग-अलग भारतीय भाषाओं की लिपियों में मौजूद समानताओं का लाभ उठाना है, ताकि एआई मॉडल प्रत्येक लिपि को पूरी तरह अलग मानकर काम करने के बजाय उनके बीच की समानताओं को भी समझ सकें।
इस तकनीक के तहत 12 भारतीय लिपियों के 1,012 वर्णों को 350 अक्षर-इकाइयों के माध्यम से शामिल किया गया है। कंपनी के अनुसार, इस पद्धति से भारतीय भाषाओं के टेक्स्ट को संसाधित करने में ओपनएआई के जीपीटी टोकनाइजर की तुलना में 2.5 गुना तक कम टोकन की आवश्यकता पड़ती है।
शोध में यह भी दावा किया गया है कि समान कंप्यूटिंग संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए भारतीय भाषाओं में मॉडल के प्रदर्शन में 5 से 8 प्रतिशत तक सुधार हासिल किया गया है। इसके साथ ही अंग्रेजी और कोडिंग से जुड़े प्रदर्शन को भी बरकरार रखा गया है। कम टोकन में टेक्स्ट संसाधित करने की क्षमता से भारतीय भाषाओं में एआई के प्रशिक्षण और संचालन की दक्षता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
दूसरा नवाचार नेस्टेड ट्रेनिंग है। इसके जरिए अलग-अलग कंप्यूटिंग क्षमताओं वाले उपकरणों के लिए अलग-अलग मॉडल को स्वतंत्र रूप से प्रशिक्षित करने की जरूरत कम करने का प्रयास किया गया है। इस तकनीक से विकसित मॉडल को डेटा सेंटर, लैपटॉप, स्मार्टफोन और एज डिवाइस जैसे विभिन्न प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
चैरियट के अनुसार, नेस्टेड ट्रेनिंग तकनीक से तीन अलग-अलग आकार के मॉडल को अलग-अलग प्रशिक्षित करने की तुलना में प्रशिक्षण की गति में 62 प्रतिशत तक सुधार हुआ है। इससे सीमित कंप्यूटिंग संसाधनों वाले उपकरणों पर भी एआई तकनीक की तैनाती आसान बनाने में मदद मिल सकती है।
वहीं, चैरियट-1 का टेक्स्ट-टू-स्पीच मॉडल अंग्रेजी के अलावा 10 भारतीय भाषाओं में आवाज तैयार करने के लिए विकसित किया गया है। इनमें हिंदी, बंगाली, मराठी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, गुजराती, पंजाबी और ओड़िया शामिल हैं।
स्वदेशी फाउंडेशन मॉडल का विकास भारत के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे भारतीय भाषाओं में एआई सेवाओं के विस्तार और घरेलू जरूरतों के अनुरूप तकनीक तैयार करने की संभावनाएं बढ़ेंगी। इंडियाAI मिशन के तहत ऐसे प्रयासों का उद्देश्य देश को केवल एआई तकनीक का उपयोगकर्ता बनाने के बजाय उसके विकास और अनुसंधान में भी आत्मनिर्भर बनाना है।