लिस्बन का ग्लोरिया फ्यूनिक्युलर पटरी से उतरा, 15 की मौत, 18 घायलBy Admin Thu, 04 September 2025 08:35 AM









लिस्बन- पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन का मशहूर पर्यटन स्थल ग्लोरिया फ्यूनिक्युलर पटरी से उतरकर पलट गया, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हुए हैं। घायलों में पाँच की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने राष्ट्रीय चिकित्सा आपातकालीन संस्थान के हवाले से दी।

पुर्तगाल के राष्ट्रपति मार्सेलो रेबेलो डी सूसा ने बेलें पैलेस में आयोजित होने वाले चार दिवसीय पुस्तक उत्सव को रद्द कर दिया। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से बुधवार शाम जारी बयान में कहा गया कि यह निर्णय "दुर्घटना में मारे गए लोगों की स्मृति और शोक संतप्त परिवारों के प्रति एकजुटता" के तौर पर लिया गया है।

सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय शोक दिवस घोषित किया। सभी दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।

लिस्बन के मेयर कार्लोस मोएदास ने कहा कि शहर "कठिन दिन का सामना कर रहा है" और बचाव कार्यों में पूरी ताक़त से जुटा है।

यूरोपीय संघ आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने पुर्तगाली भाषा में एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने लिखा, “ग्लोरिया फ्यूनिक्युलर की दुर्घटना की खबर बड़े दुख के साथ सुनी।”

स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने भी दुर्घटना को "भयावह" बताते हुए पीड़ित परिवारों और पुर्तगाली जनता के साथ "एकजुटता और संवेदना" व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इटली के विदेश मंत्री एंतोनियो तायानी ने पुर्तगाली विदेश मंत्री पाउलो रांजेल से मुलाकात कर पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना जताई।

लिस्बन स्थित अमेरिकी दूतावास ने भी एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “ग्लोरिया फ्यूनिक्युलर की इस त्रासदी से हम बेहद दुखी हैं। हम मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हैं और पुर्तगाल की जनता के साथ खड़े हैं।”

सरकार ने कहा कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की जाएगी।

यह हादसा लिस्बन के केंद्रीय इलाके एवेनिडा दा लिबरदादे के पास हुआ। फ्यूनिक्युलर का डिब्बा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस और दमकलकर्मी मौजूद रहे और बड़े क्षेत्र को घेरकर बचाव कार्य चलाया गया।

एक स्पेनिश पर्यटक फेलिपे ने कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि लिस्बन के इतने मशहूर स्थल पर इतनी गंभीर दुर्घटना हो सकती है।” अन्य प्रत्यक्षदर्शियों ने भी अविश्वास जताया।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब इस फ्यूनिक्युलर का पटरी से उतरने का हादसा हुआ हो। 2018 में भी ऐसा ही हादसा हुआ था, लेकिन उस समय कोई घायल नहीं हुआ था।

19वीं सदी के अंत में बना ग्लोरिया फ्यूनिक्युलर रेस्टाउराडोरेस स्क्वायर को प्रिंसिपे रियल जिले से जोड़ता है। इसकी चमकदार पीली गाड़ियां खड़ी ढलानों पर चलती हैं और हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित करती हैं।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement