
मैड्रिड - दक्षिणी स्पेन में कॉर्डोबा शहर के पास दो हाई-स्पीड ट्रेनों की टक्कर में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 70 से अधिक लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है।
स्पेन के परिवहन मंत्री ऑस्कर पुएंते ने सोमवार को बताया कि घायलों में से 30 की हालत गंभीर है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 25 बताई जा रही थी।
स्पेनिश अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा स्थानीय समयानुसार शाम करीब 7:45 बजे (1845 GMT) हुआ, जब मलागा से मैड्रिड जा रही 317 यात्रियों से भरी एक ट्रेन अज्ञात कारणों से कॉर्डोबा से लगभग 20 किलोमीटर दूर अदामुज़ के पास पटरी से उतर गई।
पटरी से उतरी इस ट्रेन ने बगल की पटरियों पर मैड्रिड से हुएल्वा जा रही एक अन्य हाई-स्पीड ट्रेन को टक्कर मार दी, जिससे वह ट्रेन भी बेपटरी हो गई।
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने इस त्रासदी पर गहरा शोक व्यक्त किया।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अदामुज़ में हुए इस दर्दनाक रेल हादसे के कारण आज पूरा देश गहरे दुख में है।”
स्पेन के शाही परिवार ने भी पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
परिवहन मंत्री पुएंते ने हादसे को “भयावह” बताते हुए कहा कि मलागा–मैड्रिड ट्रेन के अंतिम दो डिब्बे पटरी से उतर गए और सामने से आ रही ट्रेन के पहले दो डिब्बों से टकरा गए, जिससे वे भी पटरी से बाहर हो गए।
अंदालूसिया क्षेत्र की आपातकालीन सेवाओं को तुरंत मौके पर भेजा गया। स्थानीय निवासियों ने भी मदद करते हुए मामूली रूप से घायल यात्रियों को पास के एक खेल केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। राहत एवं बचाव कार्य में स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट को भी तैनात किया गया।
रविवार रात तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। प्रभावित रेल लाइनों पर सेवाएं कम से कम मंगलवार तक निलंबित रहेंगी।
रेल अवसंरचना संचालक एडिफ ने मैड्रिड के अटोचा स्टेशन, मलागा और हुएल्वा में विशेष सहायता केंद्र खोलने की घोषणा की है, ताकि प्रभावित यात्रियों के परिजनों को जानकारी दी जा सके। इसके अलावा एक विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
गौरतलब है कि स्पेन का सबसे भीषण रेल हादसा जुलाई 2013 में हुआ था, जब सैंटियागो डी कोम्पोस्टेला शहर में तेज रफ्तार से प्रवेश करते समय एक ट्रेन के पटरी से उतरने से 79 लोगों की मौत हो गई थी।
With inputs from IANS