भीषण शीतकालीन तूफान से अमेरिका के बड़े हिस्से को खतरा, संघीय एजेंसियां अलर्टBy Admin Sat, 24 January 2026 07:36 AM









वाशिंगटन। अमेरिका में फैल रहा एक भीषण शीतकालीन तूफान देश के कई क्षेत्रों में करोड़ों लोगों के लिए खतरा बन गया है। इस तूफान के चलते यात्रा बाधित हो रही है, बिजली गुल होने का खतरा बढ़ गया है, सड़कें बेहद खतरनाक हो सकती हैं और अत्यधिक ठंड जानलेवा साबित हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार यह तूफान मिडवेस्ट, ईस्ट कोस्ट और दक्षिणी राज्यों के बड़े हिस्सों को प्रभावित करेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जैसे-जैसे यह प्रणाली पूर्व की ओर बढ़ेगी, भारी बर्फबारी, जमाने वाली बारिश और जानलेवा ठंडी हवाएं देखने को मिल सकती हैं।

कई उड़ानें रद्द या विलंबित हो चुकी हैं, जबकि सड़क यात्रा कई इलाकों में खतरनाक या पूरी तरह असंभव हो सकती है।

व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तूफान की स्थिति की लगातार जानकारी दी जा रही है। एक अधिकारी ने कहा, “राष्ट्रपति को पूरे दिन ब्रीफ किया जा रहा है और वह संबंधित अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। पूरा ट्रंप प्रशासन इस संभावित मौसम आपदा पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के अनुसार ‘होल-ऑफ-गवर्नमेंट’ दृष्टिकोण से कार्रवाई कर रहा है।”

होमलैंड सिक्योरिटी सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा, “इस सप्ताहांत अमेरिका एक गंभीर शीतकालीन तूफान का सामना करेगा, जो भारी बर्फबारी, खतरनाक जमाने वाली बारिश और जानलेवा ठंडी हवाएं ला सकता है। मिडवेस्ट, ईस्ट कोस्ट और यहां तक कि दक्षिण के कुछ हिस्सों में बिजली गुल होना, सड़कें बंद होना और अन्य प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।”

संघीय एजेंसियों ने तूफान के असर से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। नोएम ने बताया कि फेमा (FEMA) राज्यों के साथ मिलकर हालात की निगरानी और तैयारी कर रहा है। लुइसियाना, टेक्सास और वर्जीनिया में पहले ही इन्सिडेंट मैनेजमेंट टीमें तैनात कर दी गई हैं, जबकि अन्य टीमें जरूरत पड़ने पर तैनाती के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, फेमा की 28 अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भी त्वरित कार्रवाई के लिए अलर्ट पर हैं।

लंबे समय तक बिजली कटौती और अवरुद्ध सड़कों की आशंका को देखते हुए फेमा ने दक्षिण और पूर्वी क्षेत्रों में आपात सामग्री पहले ही तैनात कर दी है। इनमें 70 लाख से अधिक भोजन पैकेट, 20 लाख लीटर से ज्यादा पानी, 6 लाख से अधिक कंबल और 300 से ज्यादा जनरेटर शामिल हैं। केंटकी, लुइसियाना और टेक्सास में सहायता की त्वरित आपूर्ति के लिए स्टेजिंग साइट्स भी स्थापित की गई हैं।

होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने लोगों से लंबे समय तक होने वाले व्यवधानों के लिए तैयार रहने और स्थानीय व राज्य अधिकारियों की सुरक्षा सलाह का पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी कि बिजली कटौती से हीटिंग, संचार और परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

लोगों को राज्य और स्थानीय आपात अलर्ट के लिए पंजीकरण कराने और रियल-टाइम अपडेट के लिए फेमा ऐप डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। साथ ही, कई दिनों तक बिजली गुल रहने की संभावना के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

विभाग ने असुरक्षित हीटिंग तरीकों के खिलाफ भी चेतावनी दी है। कहा गया है कि घर के अंदर जनरेटर का इस्तेमाल न करें और न ही गैस स्टोव, केरोसिन या प्रोपेन हीटर अथवा ओवन से घर गर्म करने की कोशिश करें, क्योंकि इससे कार्बन मोनोऑक्साइड विषाक्तता का गंभीर खतरा हो सकता है।

यात्रा को लेकर भी चिंता जताई गई है। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह पर सड़कों से दूर रहने को कहा गया है। बर्फीली सड़कें, बर्फ से ढके हाईवे और कम दृश्यता ड्राइविंग को बेहद खतरनाक बना सकती हैं।

अधिकारियों ने परिवारों को कई दिनों के लिए पानी, नॉन-पेरिशेबल भोजन, गर्म कपड़े और कंबल अपने पास रखने की सलाह दी है। चेतावनी दी गई है कि बर्फ जमने और भारी बर्फबारी के कारण कुछ सड़कें कई दिनों तक बंद रह सकती हैं।

इस बीच, जलवायु संगठन क्लाइमेट पावर ने तूफान के व्यापक प्रभाव की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि 40 राज्यों में लोग इस सप्ताहांत शीतकालीन तूफानों के लिए तैयार हो रहे हैं। संगठन ने कहा कि अत्यधिक ठंड के दौरान घरों में हीटिंग बनाए रखना जीवन और मृत्यु का सवाल हो सकता है।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement