
ओटावा। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के एक खनन क्षेत्र में कथित रूप से एक व्यक्ति, जो संभवतः महिला थी, द्वारा की गई सामूहिक गोलीबारी में नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर ने बाद में आत्महत्या कर ली।
क्षेत्र के संघीय पुलिस प्रमुख अधीक्षक केन फ्लॉयड ने मंगलवार रात (स्थानीय समय) बताया कि टंबलर रिज स्थित एक स्थानीय हाई स्कूल में सात लोगों के शव मिले, जबकि दो अन्य शव एक घर से बरामद किए गए।
फ्लॉयड ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कथित हमलावर का शव स्कूल परिसर में मिला। उन्होंने कहा कि स्कूल के करीब 100 कर्मचारी और छात्र सुरक्षित हैं और उन्हें वहां से निकाल लिया गया है।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे “भयावह हिंसा” बताया।
प्रारंभिक संकेतों के अनुसार हमलावर महिला थी या महिला के वेश में थी। हालांकि, गोपनीयता और जारी जांच का हवाला देते हुए फ्लॉयड ने यह नहीं बताया कि हमलावर छात्र थी या वयस्क। उन्होंने पुष्टि की कि यह वही व्यक्ति था, जिसके बारे में इलाके में मोबाइल फोन पर सक्रिय शूटर अलर्ट जारी किया गया था।
अलर्ट संदेश में संदिग्ध हमलावर को भूरे बालों वाली महिला बताया गया था, जिसने ड्रेस पहन रखी थी।
पुलिस के अनुसार, दो गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर अस्पताल भेजा गया, जबकि 25 लोगों की स्थानीय मेडिकल सेंटर में जांच की गई।
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी ने इस घटना को “अकल्पनीय त्रासदी” बताते हुए कहा कि सरकार आने वाले दिनों में समुदाय के लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
फ्लॉयड ने कहा कि हमले के पीछे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। उन्होंने कहा, “हम शायद इसके पीछे का कारण समझने में कठिनाई महसूस करेंगे, लेकिन यह जानने की पूरी कोशिश करेंगे कि आखिर हुआ क्या था।”
पुलिस के अनुसार, जिस घर से दो शव मिले, वह स्कूल के पास स्थित है और दोनों जगह हुई गोलीबारी आपस में जुड़ी हुई है।
टंबलर रिज लगभग 2,400 की आबादी वाला छोटा कोयला खनन शहर है, जो डायनासोर के पदचिह्न और जीवाश्मों के लिए प्रसिद्ध है।
कनाडा में सामूहिक गोलीबारी की घटनाएं दुर्लभ हैं। इससे पहले स्कूल से जुड़ी बड़ी घटना 1989 में मॉन्ट्रियल में हुई थी, जिसमें 14 लोगों की मौत हुई थी। हाल के वर्षों में सबसे बड़ी घटना 2020 में नोवा स्कोटिया में हुई थी, जहां दो दिनों के दौरान एक व्यक्ति ने गोलीबारी और आगजनी में 22 लोगों की जान ले ली थी।
With inputs from IANS