
ढाका। बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) और उसके गठबंधन ने निर्णायक जीत का दावा किया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अनौपचारिक नतीजों में बीएनपी नेतृत्व वाले गठबंधन को 210 सीटों पर जीत मिली है, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान सरकार का नेतृत्व कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है, तो लगभग 35 वर्षों बाद बांग्लादेश में किसी पुरुष प्रधानमंत्री की वापसी होगी।
गुरुवार रात मतगणना के बाद विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के अनौपचारिक नतीजे घोषित किए गए। ढाका-17 सीट से तारिक रहमान ने 72,699 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार एस.एम. खालिदुज्जमान को हराया, जिन्हें 68,300 वोट मिले। तारिक ने यह सीट 4,399 वोटों के अंतर से जीती।
ढाका संभागीय आयुक्त (रिटर्निंग ऑफिसर) शराफ उद्दीन अहमद चौधरी ने शुक्रवार सुबह परिणाम घोषित किए। उन्होंने बताया कि ढाका-17 क्षेत्र में डाक मतों सहित कुल 125 केंद्रों पर मतदान हुआ था।
इसके अलावा, तारिक रहमान बोगरा-6 सीट से भी अनौपचारिक रूप से विजयी घोषित हुए हैं। उन्हें 150 केंद्रों से कुल 2,16,284 वोट मिले, जबकि जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार अबिदुर रहमान सोहेल को 97,626 वोट प्राप्त हुए।
चुनाव के दौरान गुरुवार को मतदान करने के बाद तारिक रहमान ने जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया था। उन्होंने ढाका स्थित गुलशन मॉडल हाई स्कूल एंड कॉलेज केंद्र पर मतदान किया और मीडिया से बातचीत में कहा कि बांग्लादेश की जनता इस पल का एक दशक से अधिक समय से इंतजार कर रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी चुनाव जीतने को लेकर “100 प्रतिशत आश्वस्त” है।
तारिक रहमान पूर्व बांग्लादेशी राष्ट्रपति जियाउर रहमान के पुत्र हैं, जिन्होंने कई सैन्य तख्तापलटों के बाद सत्ता संभाली थी और 1977 में बीएनपी की स्थापना की थी। वह पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के भी बेटे हैं, जिन्होंने 1991 से 1996 और 2001 से 2006 तक दो अलग-अलग कार्यकालों में बांग्लादेश का नेतृत्व किया।
पिछले वर्ष दिसंबर में खालिदा जिया के निधन के बाद तारिक रहमान ने बीएनपी की कमान संभाली थी और अब उनके देश का नेतृत्व करने की संभावना जताई जा रही है।
With inputs from IANS