
वॉशिंगटन- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्टेट ऑफ द यूनियन संबोधन के दौरान “यूएसए, यूएसए” के नारों के बीच अपने दूसरे कार्यकाल को देश के लिए एक बड़े “पुनरुद्धार मिशन” के रूप में पेश किया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका एक नए “स्वर्णिम युग” की ओर बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर एक बड़ा आर्थिक-राजनीतिक रीसेट हो चुका है।
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन द्वारा परिचय दिए जाने और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका “पहले से ज्यादा बड़ा, बेहतर, समृद्ध और ताकतवर” बन चुका है। उन्होंने आने वाली अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का जिक्र करते हुए कहा कि देश ने अभी अपनी पूरी क्षमता दिखाई ही नहीं है।
ट्रंप ने इस दौरान डेमोक्रेट सांसदों पर भी तीखा हमला बोला और कहा कि अमेरिकी सरकार की पहली जिम्मेदारी “अमेरिकी नागरिकों की रक्षा” है। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ महीनों में अमेरिका में एक भी अवैध प्रवासी को प्रवेश नहीं दिया गया, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वैध प्रवासियों के लिए दरवाजे खुले रहेंगे।
अर्थव्यवस्था को लेकर ट्रंप ने कहा कि टैक्स कटौती और टैरिफ नीति के जरिए देश ने जबरदस्त आर्थिक मजबूती हासिल की है। उन्होंने दावा किया कि उनकी टैरिफ नीति से “सैकड़ों अरब डॉलर” की आमदनी हुई है। हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जिक्र करते हुए भी उन्होंने कहा कि टैरिफ जारी रहेंगे और भविष्य में ये आयकर प्रणाली की जगह ले सकते हैं।
अपने संबोधन में ट्रंप ने आम नागरिकों को मंच पर बुलाकर अपनी नीतियों का उदाहरण भी पेश किया। कर राहत, दवा की कीमतों और आवास से जुड़ी योजनाओं को उन्होंने व्यक्तिगत कहानियों के जरिए समझाया। खेल जगत से जुड़े एक प्रसंग में उन्होंने अमेरिकी ओलंपिक हॉकी टीम की तारीफ की और गोलकीपर को प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम देने की घोषणा की।
भाषण के दौरान ट्रंप ने “धोखाधड़ी के खिलाफ युद्ध” की घोषणा की और कहा कि इसे उपराष्ट्रपति वेंस के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने अवैध आव्रजन को भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की समस्याओं से जोड़ा, जिससे सदन का माहौल और तीखा हो गया।
विदेश नीति पर बोलते हुए ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय संघर्षों को खत्म कराया और भारत-पाकिस्तान के बीच संभावित परमाणु टकराव को भी टालने में भूमिका निभाई। उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रुबियो की जमकर प्रशंसा की।
उन्होंने यह भी कहा कि नाटो के सदस्य देशों ने रक्षा खर्च बढ़ाने पर सहमति जताई है और यूक्रेन को भेजी जाने वाली सहायता की भरपाई भी गठबंधन के जरिए की जा रही है।
भाषण का सबसे नाटकीय हिस्सा वेनेजुएला से जुड़ा रहा, जहां ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिकी कार्रवाई के जरिए राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का शासन समाप्त किया गया और कुछ कैदियों को रिहा कराया गया।
कुल मिलाकर, ट्रंप का यह संबोधन उपलब्धियों, आरोपों और नाटकीय घोषणाओं का मिश्रण रहा, जिसमें उन्होंने अपनी नीतियों को अमेरिका और दुनिया के लिए एक बड़े बदलाव की शुरुआत बताया।
With inputs from IANS