
दुबई/नई दिल्ली: Strait of Hormuz के पास एक मालवाहक लकड़ी के जहाज में आग लगने के बाद बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
जानकारी के मुताबिक, जहाज में कुल 18 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। आग लगने के बाद जहाज पलट गया। हादसा शुक्रवार को उस समय हुआ जब जहाज सामान्य माल लेकर जा रहा था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, गुजर रहे एक अन्य जहाज ने सभी चालक दल के सदस्यों को बचाया। घायल चार भारतीयों का इलाज Dubai में चल रहा है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने शुक्रवार रात बचाए गए भारतीयों से मुलाकात की और जहाज मालिक के संपर्क में रहते हुए हरसंभव मदद मुहैया कराई जा रही है।
इससे पहले Consulate General of India in Dubai ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना पर दुख जताते हुए कहा था कि समुद्र में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हुई है। दूतावास जहाज मालिक के संपर्क में है और मामले की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह हादसा ऐसे समय में हुआ है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है। खासतौर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण West Asia के समुद्री मार्गों पर खतरा बढ़ गया है। होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल परिवहन मार्गों में से एक माना जाता है।
क्षेत्र में ड्रोन गतिविधियों और सैन्य तनाव के चलते व्यावसायिक जहाजों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ समय में भारतीय नाविकों और व्यापारिक जहाजों से जुड़े कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
With inputs from IANS