बीजिंग में ट्रंप-शी जिनपिंग की अहम मुलाकात, व्यापार से लेकर ताइवान और ईरान युद्ध तक कई मुद्दों पर चर्चाBy Admin Thu, 14 May 2026 11:59 AM

बीजिंग। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping ने गुरुवार को बीजिंग में शिखर वार्ता की। इस दौरान व्यापार, ईरान-इजरायल संघर्ष, ताइवान और तकनीकी प्रतिस्पर्धा जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई गई।

बीजिंग स्थित ग्रेट हॉल ऑफ द पीपल में ट्रंप का औपचारिक स्वागत किया गया। दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर मुलाकात की शुरुआत की। सैन्य बैंड ने दोनों देशों के राष्ट्रगान बजाए, जबकि बच्चों ने अमेरिकी और चीनी झंडे लहराकर स्वागत किया।

बैठक की शुरुआत में ट्रंप ने कहा, “आपके साथ होना सम्मान की बात है। हमारी दोस्ती और अमेरिका-चीन संबंध पहले से बेहतर होंगे।”

ट्रंप बुधवार शाम तीन दिवसीय दौरे पर चीन पहुंचे। नवंबर 2017 के बाद यह उनकी पहली चीन यात्रा है। ऐसे समय में यह दौरा हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व युद्ध को खत्म करने और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने को लेकर बातचीत ठप पड़ी हुई है।

दोनों नेता इससे पहले दक्षिण कोरिया के बुसान में एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) सम्मेलन के दौरान मिले थे, जहां एक साल के व्यापारिक युद्धविराम पर सहमति बनी थी।

ट्रंप इस बैठक में चीन से अमेरिकी कृषि उत्पादों जैसे सोयाबीन और बीफ की खरीद बढ़ाने के साथ-साथ Boeing विमानों और उनके पुर्जों के आयात को लेकर प्रतिबद्धता चाह सकते हैं।

मध्य पूर्व का तनाव भी वार्ता का प्रमुख मुद्दा रहा। अमेरिका ईरान के साथ जारी संघर्ष से बाहर निकलने और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की कोशिश कर रहा है। यह समुद्री मार्ग तेल और अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।

चीन भी इस संघर्ष को लेकर चिंतित है, क्योंकि होर्मुज में बाधा उसकी ऊर्जा आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है। हालांकि चीन ने वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों और बड़े तेल भंडार पर काम किया है, लेकिन लंबे समय में यह संकट उसकी अर्थव्यवस्था पर असर डाल सकता है।

इसके अलावा ताइवान का मुद्दा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अमेरिका-चीन के बीच बढ़ती तकनीकी प्रतिस्पर्धा भी बातचीत का हिस्सा रहने की उम्मीद है।

विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों नेता उत्तर कोरिया पर भी चर्चा कर सकते हैं। ट्रंप पहले भी Kim Jong-un के साथ फिर से कूटनीतिक बातचीत शुरू करने की इच्छा जता चुके हैं, जबकि चीन का प्योंगयांग पर खास प्रभाव माना जाता है।

शिखर वार्ता के बाद दोनों नेता टेंपल ऑफ हेवन पार्क का दौरा करेंगे और राजकीय भोज में शामिल होंगे। शुक्रवार को दोनों के बीच चाय पर चर्चा और कार्यकारी लंच का कार्यक्रम भी तय है, जिसके बाद ट्रंप अमेरिका लौट जाएंगे।

 

With inputs from IANS