कैलिफोर्निया में केमिकल लीक से 40,000 लोगों को खाली कराए जाने का आदेशBy Admin Sat, 23 May 2026 12:17 PM

California : दक्षिणी कैलिफोर्निया में एक बड़े औद्योगिक हादसे के बाद करीब 40,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने का आदेश दिया गया है। एक एयरोस्पेस निर्माण फैक्ट्री में खतरनाक रसायन का टैंक लीक होने के बाद बड़े विस्फोट या जहरीले रिसाव की आशंका पैदा हो गई है।

यह घटना Garden Grove (ऑरेंज काउंटी) स्थित एक सुविधा में हुई, जहां मेथाइल मेथाक्रिलेट नामक ज्वलनशील रसायन का एक स्टोरेज टैंक गर्म होकर रिसाव करने लगा। यह रसायन एक्रेलिक प्लास्टिक बनाने में इस्तेमाल होता है और अत्यंत ज्वलनशील माना जाता है।

अधिकारियों के अनुसार, जिस टैंक से रिसाव हुआ उसमें कुल लगभग 34,000 गैलन रसायन भरा हुआ था। ओवरहीटिंग और कूलिंग सिस्टम फेल होने के कारण खतरनाक वाष्प (vapours) वातावरण में फैलने लगे।

GKN Aerospace द्वारा संचालित इस सुविधा में कुल तीन टैंक हैं। फायर अधिकारियों ने चेतावनी दी कि स्थिति दो गंभीर तरीकों से बिगड़ सकती है—या तो हजारों गैलन रसायन आसपास फैल सकता है, या फिर थर्मल रनअवे के कारण बड़ा विस्फोट हो सकता है।

ऑरेंज काउंटी फायर अथॉरिटी ने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण की कोशिश की जा रही थी, लेकिन हालात बिगड़ने के बाद कई शहरों में निकासी आदेश बढ़ा दिए गए। इसके चलते स्कूल भी बंद कर दिए गए हैं और आपातकालीन सेवाएं सक्रिय कर दी गई हैं।

अधिकारियों ने कहा कि अभी तक किसी तरह के धुएं का सक्रिय फैलाव (toxic plume) नहीं देखा गया है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है।

फायर चीफ क्रेग कोवी ने चेतावनी देते हुए कहा, “यह टैंक कभी भी फेल हो सकता है, और हमें नहीं पता कब।”

अभी तक इस घटना में किसी के घायल होने या मौत की कोई सूचना नहीं है।

 

With inputs from IANS