Iran की अमेरिका को चेतावनी, होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई की धमकीBy Admin Wed, 27 May 2026 05:26 PM

तेहरान। Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद अमेरिका को कड़ी चेतावनी देते हुए जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है।

आईआरजीसी ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उसकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के तहत 25 जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरे। इनमें तेल टैंकर, कंटेनर जहाज और अन्य वाणिज्यिक पोत शामिल थे।

आईआरजीसी के आधिकारिक मीडिया प्लेटफॉर्म ‘सेपाह न्यूज’ में जारी बयान में कहा गया कि जहाजों को आवश्यक अनुमति दिए जाने के बाद सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया गया। संगठन ने यह भी कहा कि उसकी नौसेना जलडमरूमध्य पर “स्मार्ट और सख्त नियंत्रण” बनाए हुए है।

बयान में चेतावनी दी गई कि किसी भी “आक्रामक कार्रवाई” का “कड़ा और निर्णायक जवाब” दिया जाएगा।

इससे पहले सोमवार को अमेरिकी सेना ने दक्षिणी ईरान में मिसाइल लॉन्च साइट्स और बारूदी सुरंग बिछाने की कोशिश कर रही नौकाओं पर हमला किया था। United States Central Command (CENTCOM) ने इसकी पुष्टि की।

सेंटकॉम के प्रवक्ता टिम हॉकिन्स ने कहा कि अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा के लिए “आत्मरक्षा” के तहत ये हमले किए गए। उन्होंने बताया कि निशाने पर मिसाइल लॉन्च साइट्स और वे नौकाएं थीं जो समुद्र में माइंस बिछाने की कोशिश कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि संघर्षविराम जारी रहने के बावजूद अमेरिकी सेना अपने सैनिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतर्क है और संयम के साथ कार्रवाई कर रही है।

इन हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। 8 अप्रैल से लागू संघर्षविराम पहले ही नाजुक स्थिति में है और अमेरिका तथा ईरान के बीच जारी टकराव का असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।

Iran ने फरवरी के अंत से होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण और कड़ा कर दिया था। ईरान ने उन जहाजों की आवाजाही पर रोक लगाई थी जो अमेरिका या इज़राइल से जुड़े बताए गए थे।

दूसरी ओर, अमेरिका ने भी ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक हाल के दिनों में इस कार्रवाई के चलते कई जहाजों का मार्ग बदला गया और कुछ जहाजों को रोका गया।

 

With inputs from IANS