
कुवैत : Iran द्वारा Kuwait की दिशा में दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को कुवैती सुरक्षा बलों ने सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। यह जानकारी United States Central Command (सेंटकॉम) ने गुरुवार को दी।
सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि 27 मई की रात 10:17 बजे (अमेरिकी समयानुसार) ईरान ने कुवैत की ओर बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसे कुवैती बलों ने सफलतापूर्वक रोक लिया।
सेंटकॉम के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कुछ घंटे पहले ही ईरानी बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास पांच आत्मघाती ड्रोन भी लॉन्च किए थे। अमेरिकी सेना ने इन सभी ड्रोन को मार गिराया और बंदर अब्बास स्थित ईरानी ग्राउंड कंट्रोल साइट से छठे ड्रोन के प्रक्षेपण को भी रोक दिया।
इस बीच कुवैत की सेना ने भी पुष्टि की कि देश की वायु रक्षा प्रणाली शत्रुतापूर्ण मिसाइल और ड्रोन हमलों का सामना कर रही है। सेना के जनरल स्टाफ ने कहा कि लोगों को जो विस्फोटों की आवाज सुनाई दी, वह एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा हमलों को रोकने की कार्रवाई का हिस्सा थी।
United Arab Emirates ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। यूएई के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसे “ईरान द्वारा किया गया आतंकवादी ड्रोन और मिसाइल हमला” बताया। मंत्रालय ने कहा कि यह कुवैत की संप्रभुता का खुला उल्लंघन है और क्षेत्र की सुरक्षा एवं स्थिरता के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है।
यूएई ने कुवैत के साथ पूर्ण एकजुटता जताते हुए उसकी सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाए गए हर कदम का समर्थन करने की बात कही।
उधर, Donald Trump ने बुधवार को साफ कहा कि Strait of Hormuz पर किसी भी देश का नियंत्रण स्वीकार नहीं किया जाएगा। व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक के दौरान ट्रंप ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र है और सभी देशों के लिए खुला रहेगा।
उन्होंने दावा किया कि परमाणु कार्यक्रम को लेकर जारी वार्ताओं के दौरान ईरान ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर नियंत्रण की इच्छा जताई थी, लेकिन अमेरिका ऐसा नहीं होने देगा।
With inputs from IANS