दमिश्क में दो धमाकों से 18 लोग घायल, मैक्रों की ऐतिहासिक सीरिया यात्रा के दौरान बढ़ी सुरक्षा चिंताBy Admin Tue, 07 July 2026 03:12 PM

दमिश्क। सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार दोपहर पर्यटन मंत्रालय के पास हुए दो विस्फोटों में चार पुलिसकर्मियों समेत 18 लोग घायल हो गए। यह घटना ऐसे समय हुई, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरियाई राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात होने वाली थी।

स्थानीय मीडिया ने सीरिया के गृह मंत्रालय के हवाले से बताया कि मैक्रों सोमवार को दमिश्क पहुंचे थे। बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद किसी प्रमुख यूरोपीय नेता की यह पहली सीरिया यात्रा मानी जा रही है।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी साना (SANA) के अनुसार, गृह मंत्रालय ने बताया कि आंतरिक सुरक्षा बलों ने नियमित अभियान के दौरान दो विस्फोटक उपकरणों का पता लगाया था। बम निरोधक दल उन्हें निष्क्रिय करने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी दौरान दोनों में विस्फोट हो गया।

ADVERTISEMENT
Advertisement

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों विस्फोटक उपकरण बेहद साधारण तरीके से तैयार किए गए थे। इनमें से एक सड़क किनारे खड़ी कार में रखा गया था, जबकि दूसरा कूड़ेदान के अंदर छिपाया गया था। अधिकारियों ने बताया कि हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और घटना की पूरी साजिश का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

कुछ मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि विस्फोट उस होटल के करीब हुए, जहां राष्ट्रपति मैक्रों ठहरे हुए हैं।

फ्रांसीसी दैनिक समाचार पत्र ले मोंदे के अनुसार, फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रपति मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी सीरिया यात्रा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगी।

गौरतलब है कि 3 जुलाई को भी दमिश्क के मध्य क्षेत्र में न्याय महल के पास स्थित एक कैफे में हुए बम विस्फोट में नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 अन्य घायल हुए थे। सीरियाई गृह अधिकारियों ने उस घटना को आतंकवादी हमला बताया था। जांच में सामने आया था कि लगभग एक किलोग्राम वजन वाले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में धातु के टुकड़े भरे गए थे। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा की और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की थी।

इसके एक दिन बाद, 4 जुलाई को सीरियाई अधिकारियों ने दमिश्क के उपनगरीय इलाके में एक यात्री बस को निशाना बनाने की एक अन्य साजिश को भी नाकाम करने का दावा किया था। इससे पहले शुक्रवार को जरामाना उपनगर में एक सुरक्षा चौकी पर हुए हमले में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।

 

With inputs from IANS