
लंदन: ओमान के तट के पास एक कंटेनर जहाज क्षतिग्रस्त होने के बाद उसमें आग लग गई। यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
यूकेएमटीओ के अनुसार, यह घटना शनिवार रात लगभग 10:40 बजे (जीएमटी) ओमान के पूर्वी तट से करीब 16.7 किलोमीटर दूर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जहाज के पिछले हिस्से को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद उसमें आग लग गई।
समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने फिलहाल जहाज के नाम का खुलासा नहीं किया है, जबकि संबंधित सैन्य और समुद्री प्राधिकरण घटना की जांच में जुटे हैं।
इस बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया कि साइप्रस के ध्वज वाले कंटेनर जहाज ‘जीएफएस गैलेक्सी’ पर ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने उस समय हमला किया, जब वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहा था।
सेंटकॉम के अनुसार, हमले में जहाज का इंजन कक्ष बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई, जिसके कारण वह अपनी यात्रा जारी नहीं रख सका। घटना के बाद जहाज का एक नागरिक चालक दल का सदस्य लापता बताया गया है।
समुद्री निगरानी आंकड़ों के अनुसार, ‘जीएफएस गैलेक्सी’ लगभग 304 मीटर लंबा और 40 मीटर चौड़ा कंटेनर जहाज है। इसे दो दिन पहले फारस की खाड़ी क्षेत्र में देखा गया था।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास का समुद्री क्षेत्र अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण बेहद संवेदनशील बना हुआ है। यह जलमार्ग दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जो फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है।
रविवार को अमेरिका ने भी ईरान के खिलाफ नए सैन्य हमले शुरू किए। अमेरिकी सेना का कहना है कि यह कार्रवाई आईआरजीसी द्वारा साइप्रस के ध्वज वाले कंटेनर जहाज पर किए गए हमले के जवाब में की गई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि जहाज पर लगी आग और इंजन को हुए गंभीर नुकसान के कारण वह आगे की यात्रा करने में असमर्थ है, जबकि चालक दल का एक सदस्य अब भी लापता है।
With inpts from IANS