
मनीला। फिलीपींस में आए शक्तिशाली तूफान 'बावी' और इसके प्रभाव से सक्रिय हुए दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भारी तबाही मचाई है। देश के नागरिक सुरक्षा कार्यालय (ओसीडी) के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अधिकांश लोगों की जान भूस्खलन और डूबने की घटनाओं में गई है। खराब मौसम से देशभर में करीब 5.62 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, फिलीपींस के मौसम विभाग (पगासा) ने चेतावनी दी है कि तूफान 'बावी' के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून और अधिक सक्रिय हो गया है। इसके चलते कई क्षेत्रों में लगातार भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में खोज एवं बचाव दल तैनात कर दिए हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्य तेजी से जारी है। वहीं, फिलीपींस तटरक्षक बल ने बताया कि समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम के कारण विभिन्न बंदरगाहों पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं।
उधर, तूफान 'बावी' का असर चीन में भी देखने को मिल रहा है। चीन ने बाढ़ नियंत्रण और राहत कार्यों को तेज कर दिया है, क्योंकि यह तूफान देश के कई हिस्सों को प्रभावित कर रहा है।
वर्ष 2026 का नौवां तूफान 'बावी' शनिवार देर रात पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के तट से दो बार टकराया और उसके बाद अंदरूनी क्षेत्रों की ओर बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, अब इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में झेजियांग के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में 50 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिससे प्रांत का लगभग 42 प्रतिशत क्षेत्र प्रभावित हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष 1949 के बाद जुलाई महीने में झेजियांग से टकराने वाला यह सबसे शक्तिशाली तूफान है। इसके विशाल आकार और तीव्रता के कारण तटीय इलाकों में ऊंची लहरें उठीं और इसका प्रभाव दूर-दराज के भीतरी क्षेत्रों तक पहुंच गया। इससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और शहरी जलभराव का खतरा काफी बढ़ गया है।
With inputs from IANS