
सिएटल: अमेरिका के सिएटल शहर में आयोजित प्रसिद्ध 'बाइट ऑफ सिएटल' फूड फेस्टिवल के दौरान रविवार रात (स्थानीय समय) गोलीबारी की घटना में कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
सिएटल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा, "सिएटल सेंटर में गोलीबारी की घटना की जांच की जा रही है। कई लोग गोली लगने से घायल हुए हैं। लोगों से अपील है कि वे फिलहाल इस इलाके से दूर रहें।"
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गईं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं की है और न ही यह बताया है कि किसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है या नहीं।
सिएटल सेंटर शहर का प्रमुख सांस्कृतिक और मनोरंजन केंद्र है, जहां क्लाइमेट प्लेज एरिना और प्रसिद्ध स्पेस नीडल जैसे प्रमुख आकर्षण मौजूद हैं। घटना के समय यहां शहर के सबसे लोकप्रिय और लंबे समय से आयोजित होने वाले 'बाइट ऑफ सिएटल' फूड फेस्टिवल का आयोजन चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान अचानक 7 से 8 गोलियों की आवाज सुनाई दी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और सभी सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
पुलिस ने अभी तक गोलीबारी के पीछे की वजह या किसी संभावित आरोपी के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। मामले की जांच जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पहले 19 जुलाई को अमेरिका के एरिजोना राज्य के टक्सन शहर में भी सामूहिक गोलीबारी की घटना हुई थी। उस घटना में संदिग्ध समेत 10 लोग घायल हुए थे।
टक्सन पुलिस के अनुसार, रात करीब दो बजे शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में गोलीबारी हुई थी। गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने गोलियों की आवाज सुनते ही मौके की ओर दौड़ लगाई। वहां एक व्यक्ति भागता हुआ दिखाई दिया। कई बार चेतावनी देने के बावजूद नहीं रुकने पर एक पुलिस अधिकारी ने उस पर गोली चला दी।
घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद अस्पताल पहुंचाया गया था। टक्सन पुलिस ने बताया था कि संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है और कई घायलों की हालत गंभीर है।
टक्सन की मेयर रेजिना रोमेरो ने उस घटना को "बेहद गंभीर और निरर्थक हिंसा" करार देते हुए चिंता जताई थी। पुलिस ने उस मामले में भी अभी तक संदिग्ध और पीड़ितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
With inputs from IANS