बिजली और गैस संकट के बीच बांग्लादेश ने भारत से मांगी अधिक डीजल आपूर्तिBy Admin Fri, 07 August 2026 04:43 PM









ढाका: ऊर्जा संकट से जूझ रहे बांग्लादेश ने भारत से भारत-बांग्लादेश मैत्री पाइपलाइन के जरिए डीजल की आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया है। देश में बिजली और गैस की कमी को देखते हुए यह मांग की गई है।

बांग्लादेश के बिजली, ऊर्जा और खनिज संसाधन मंत्री इकबाल हसन महमूद ने ढाका सचिवालय में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा।

महमूद ने कहा, "हम पाइपलाइन के जरिए भारत से डीजल आयात करते हैं और हमने उनसे इसकी आपूर्ति बढ़ाने का अनुरोध किया है।"

उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश पड़ोसी देश हैं और दोनों के बीच कई ऐसे क्षेत्र हैं, जिनमें आपसी हित जुड़े हुए हैं। भारतीय उच्चायुक्त के साथ हुई बैठक भी नियमित राजनयिक संवाद का हिस्सा थी, जिसमें विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई।

ADVERTISEMENT
Advertisement

गुरुवार को भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने ऊर्जा मंत्री इकबाल हसन महमूद से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों ने बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में भारत-बांग्लादेश सहयोग को और मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। बैठक में बांग्लादेश के ऊर्जा राज्य मंत्री अनिंद्य इस्लाम अमित भी मौजूद रहे।

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच X पर बताया कि बैठक में सीमा-पार बिजली और ऊर्जा संपर्क को भारत-बांग्लादेश आर्थिक साझेदारी का अहम आधार बताया गया। दोनों देशों ने पारस्परिक हित और साझा लाभ के आधार पर ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने, सतत विकास को बढ़ावा देने और दोनों देशों के लोगों की समृद्धि के लिए सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

गौरतलब है कि इसी वर्ष अप्रैल में भारत ने भारत-बांग्लादेश मैत्री पाइपलाइन के माध्यम से बांग्लादेश को अतिरिक्त 5,000 टन डीजल की आपूर्ति शुरू की थी। पश्चिम एशिया में समुद्री अनिश्चितता के कारण ऊर्जा आयात प्रभावित होने के बीच इस कदम से बांग्लादेश की ईंधन सुरक्षा को मजबूती मिली थी।

 

With inputs from IANS