कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही, मृतकों की संख्या 132 हुईBy Admin Tue, 11 August 2026 01:17 PM

बोगोटा। पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है, जबकि 570 से अधिक लोग घायल हुए हैं। कोलंबियाई सरकार ने मंगलवार को जारी ताजा अपडेट में यह जानकारी दी।

भूकंप से बड़े पैमाने पर घरों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। कोलंबियाई राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रियेला ने बोगोटा में बताया कि भूकंप के कारण 1,575 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा छह हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते वहां व्यावसायिक उड़ानों का संचालन फिलहाल रोक दिया गया है।

भूकंप के व्यापक प्रभाव को देखते हुए कोलंबियाई सरकार ने सोमवार को राष्ट्रीय आपदा की स्थिति घोषित कर दी थी। इसके बाद राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

कोलंबियाई भूवैज्ञानिक सेवा के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 7:34 बजे आया। इसका केंद्र पश्चिमी कोलंबिया के चोको विभाग में सैन जोसे डेल पालमार के पास था। भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 96 किलोमीटर की गहराई में स्थित था।

प्रशासन प्रभावित विभागों की राजधानियों के साथ लगातार संपर्क में है। स्थानीय मेयरों और उनकी टीमों से भी ताजा स्थिति की जानकारी ली जा रही है, ताकि नुकसान का आकलन कर तत्काल राहत की जरूरत वाले क्षेत्रों की पहचान की जा सके।

इस बीच, दुनिया के कई देशों ने कोलंबिया के लोगों के प्रति संवेदना और एकजुटता जाहिर की है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोलंबिया फ्रांस की दोस्ती और समर्थन पर भरोसा कर सकता है। उन्होंने भूकंप में जान गंवाने वालों, उनके परिवारों और घायलों के प्रति संवेदना जताई तथा राहत और बचाव कार्य में जुटी टीमों के साहस की सराहना की।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी कोलंबिया के साथ एकजुटता जताई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी कोलंबिया में आए इस भयावह भूकंप से पड़ोसी देश इक्वाडोर भी प्रभावित हुआ है। उन्होंने प्रभावित लोगों की मदद के लिए सक्षम देशों और संगठनों से आगे आने की अपील की।

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी भूकंप के बाद की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इटली इस मुश्किल घड़ी में कोलंबिया के लोगों, प्रभावित परिवारों और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सभी लोगों के साथ खड़ा है।

भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षति का व्यापक आकलन होने के बाद प्रभावित लोगों के लिए राहत और पुनर्वास की जरूरत का स्पष्ट आकलन किया जा सकेगा।
 

With inputs from IANS