

Photo: IANS
अमेरिका ने दक्षिण कोरिया को AIM-9X एयर-टू-एयर मिसाइलों और उनसे जुड़े उपकरणों की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है। अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, करीब 12.5 करोड़ डॉलर की इस प्रस्तावित बिक्री का उद्देश्य दक्षिण कोरिया की हवाई रक्षा क्षमता को मजबूत करना और क्षेत्र में संभावित खतरों से निपटने की उसकी क्षमता बढ़ाना है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि यह बिक्री सरकार-से-सरकार विदेशी सैन्य बिक्री (FMS) के तहत प्रस्तावित है। हालांकि, सौदे को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिकी कांग्रेस को इसकी औपचारिक सूचना देना और समीक्षा की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है।
दक्षिण कोरिया ने अमेरिका से 103 AIM-9X Sidewinder Block II टैक्टिकल मिसाइलों और 10 गाइडेंस यूनिट की खरीद का अनुरोध किया है। इसके अलावा प्रशिक्षण से जुड़े उपकरण, स्पेयर पार्ट्स और अन्य गैर-प्रमुख रक्षा सामग्री भी प्रस्तावित सौदे में शामिल हैं।

अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा कि यह बिक्री हिंद-प्रशांत क्षेत्र में एक प्रमुख अमेरिकी सहयोगी की सुरक्षा मजबूत करने के साथ अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। विभाग के अनुसार, इससे दक्षिण कोरिया को मौजूदा और भविष्य के खतरों का सामना करने के लिए अपनी हवाई रक्षा क्षमता का विस्तार करने, क्षेत्र में संभावित आक्रामकता को रोकने और अमेरिकी सेनाओं के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखने में मदद मिलेगी।
इस सौदे के लिए मुख्य ठेकेदार अमेरिका की रक्षा कंपनी RTX Corporation होगी, जिसका मुख्यालय वर्जीनिया के आर्लिंगटन में है।
यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने संयुक्त सैन्य अभ्यास Ulchi Freedom Shield को तय समय से पहले समाप्त करने का फैसला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को सोशल मीडिया पर कहा था कि उन्होंने पेंटागन को ऐसे संयुक्त सैन्य अभ्यासों में “काफी कमी” करने का निर्देश दिया है, जो उनके अनुसार उत्तर कोरिया को अनुचित और शत्रुतापूर्ण संकेत देते हैं।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे म्यंग ने ट्रंप के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि वह उत्तर कोरिया के साथ बातचीत के लिए परिस्थितियां बनाने की अमेरिकी राष्ट्रपति की कोशिशों का सम्मान करते हैं।
ली ने कहा कि ट्रंप का संदेश कोरियाई प्रायद्वीप पर टकराव और शत्रुता से आगे बढ़कर शांति स्थापित करने की दिशा में गंभीर सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया भी ऐसे शांति समझौते की दिशा में प्रयासों का समर्थन करता है, जिसमें भविष्य में संघर्ष की जरूरत ही न पड़े।
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ने उम्मीद जताई कि संयुक्त सैन्य अभ्यासों और फील्ड ट्रेनिंग में कटौती का यह फैसला अंततः विश्वास बहाली और अमेरिका-उत्तर कोरिया संवाद की बहाली का रास्ता खोलेगा, जिससे कोरियाई प्रायद्वीप में स्थायी और स्थिर शांति व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में प्रगति हो सकेगी।
एक तरफ अमेरिका और दक्षिण कोरिया सैन्य सहयोग के तहत दक्षिण कोरिया की रक्षा क्षमता बढ़ाने के लिए मिसाइल सौदे को आगे बढ़ा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ संयुक्त सैन्य अभ्यासों में कटौती का फैसला क्षेत्र में तनाव कम करने और उत्तर कोरिया के साथ संभावित कूटनीतिक संवाद के लिए जगह बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।