ईरान का अमेरिका पर बड़ा पलटवार! एयरबेस पर हमला, कई लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्तBy Mid Time Bureau Thu, 10 September 2026 12:12 PM

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव अब लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल के दिनों में अमेरिका ने ईरान से जुड़े कई तेल टैंकरों को निशाना बनाया। इसके बाद ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स यानी IRGC ने अमेरिका को जवाब देने की चेतावनी दी थी। अब ईरान की तरफ से अमेरिकी ठिकाने पर बड़े हमले की खबर सामने आई है। CBS की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार तड़के ईरान ने जॉर्डन स्थित अमेरिका के मुवाफ्फक साल्टी एयर बेस को निशाना बनाकर लगातार कई हमले किए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन हमलों में अमेरिकी सेना के कई सैन्य विमानों को नुकसान पहुंचा है।

CBS की पत्रकार जेनिफर जैकब्स के मुताबिक, ईरानी हमले में A-10 थंडरबोल्ट, जिसे आमतौर पर ‘वॉर्थोग’ के नाम से जाना जाता है, का एक विंग क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा करीब आठ F-15 लड़ाकू विमानों को भी मामूली नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इन विमानों को बाद में सर्विस में वापस शामिल कर लिया गया। ईरानी हमले को रोकने के लिए अमेरिकी सेना की ओर से 30 से ज्यादा पैट्रियट मिसाइलें दागे जाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई है।

यह हमला उस घटनाक्रम के बाद हुआ है, जब अमेरिका ने अपने एक नौसैनिक युद्धपोत को निशाना बनाए जाने के जवाब में ईरान के पांच तेल टैंकरों पर कार्रवाई की थी। इसके बाद IRGC ने दावा किया कि उसने जवाबी कार्रवाई में आठ टैंकरों और दो युद्धपोतों को निशाना बनाया। इसी कार्रवाई में जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकाना भी शामिल होने का दावा किया गया। मुवाफ्फक साल्टी एयर बेस अमेरिका के लिए रणनीतिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां से बड़ी संख्या में अमेरिकी लड़ाकू विमान ऑपरेट करते हैं और ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों में इस एयरबेस की अहम भूमिका है।

वहीं, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने जॉर्डन के अल-अजराक स्थित अमेरिकी बेस पर भारी मिसाइल हमला करने का दावा किया है। ईरान ने इसे अपने एक तय जवाबी ऑपरेशन का हिस्सा बताया है। यानी तेल टैंकरों से शुरू हुआ अमेरिका-ईरान का टकराव अब सीधे सैन्य ठिकानों और लड़ाकू विमानों तक पहुंचता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच यह तनाव किस स्तर तक जाता है, इस पर पूरी दुनिया की नजर है।