ईरान का दावा, होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी समुद्री ड्रोन को बनाया निशानाBy IANS Fri, 11 September 2026 09:03 AM

Photo: IANS

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी नौसैनिक इकाइयों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक अमेरिकी मानवरहित सतही वाहन (यूएसवी) को निशाना बनाया है।

आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार माध्यम सेपाह न्यूज पर जारी बयान के मुताबिक, अमेरिकी Saildrone Explorer प्रकार का यूएसवी कथित तौर पर “आक्रामक मिशन” पर था और जलडमरूमध्य के प्रवेश क्षेत्र में उसे निशाना बनाया गया।

आईआरजीसी ने कहा कि Saildrone Explorer यूएसवी का इस्तेमाल पहले क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट और बहरीन स्थित टास्क फोर्स-59 द्वारा किया जाता रहा है। चीनी समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, आईआरजीसी ने दावा किया कि अब इन मानवरहित समुद्री वाहनों का संचालन ओमान के खासाब स्थित एक इकाई से किया जा रहा है।

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक बार फिर कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और उसके नियंत्रण में है। उसने चेतावनी दी कि इस रणनीतिक जलमार्ग में किसी भी “शत्रुतापूर्ण मौजूदगी” को निशाना बनाया जाएगा।

यह दावा ऐसे समय आया है जब ईरान और अमेरिका के बीच समुद्री क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। मंगलवार को आईआरजीसी की नौसेना ने दावा किया था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश क्षेत्र में अमेरिकी सेना की एक अत्याधुनिक मानवरहित पनडुब्बी को कब्जे में लिया है। ईरान ने इस उपकरण की पहचान Dive-LD के रूप में की थी।

इसके बाद अमेरिकी सेना ने कहा था कि उसका एक अंडरवाटर ड्रोन क्षेत्रीय जल के सर्वेक्षण के दौरान “खराब हो गया” था। हालांकि, अमेरिकी पक्ष ने यह स्पष्ट नहीं किया कि क्या वह उपकरण वास्तव में ईरान के कब्जे में गया था।

आईआरजीसी ने बुधवार को यह भी चेतावनी दी थी कि ईरान की ओर से क्षेत्रीय जल में घोषित किए जाने वाले “प्रतिबंधित क्षेत्र” में बिना समन्वय के प्रवेश करने वाले किसी भी जहाज के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, आईआरजीसी के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने कहा कि यदि कोई जहाज ईरान के साथ समन्वय के बिना इस क्षेत्र में प्रवेश करता है, तो भविष्य में उसके लिए होर्मुज जलडमरूमध्य का इस्तेमाल करना मुश्किल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसे जहाजों को बंदरगाह, बीमा और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने से भी इनकार कर सकता है।

मोहेब्बी के अनुसार, प्रतिबंधित क्षेत्र के सटीक निर्देशांक बाद में घोषित किए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि यह क्षेत्र सामान्य तौर पर ईरान के दक्षिण-पूर्वी बंदरगाह शहर चाबहार के आसपास से शुरू होकर ओमान की खाड़ी और अरब सागर के कुछ हिस्सों तथा होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर जाने वाले समुद्री मार्गों तक फैल सकता है।

उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को “ईरान की शक्ति का जलडमरूमध्य” बताते हुए कहा कि तेहरान अपने प्रभाव का इस्तेमाल कथित दुश्मन की आक्रामक गतिविधियों का जवाब देने और उसे रोकने के लिए करेगा।

इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय ने बुधवार को अमेरिकी सेना द्वारा एक रात पहले कई ईरानी तेल टैंकरों पर किए गए कथित “आक्रामक” हमले की कड़ी निंदा की।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। फारस की खाड़ी से निकलने वाले तेल और गैस का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से होकर अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचता है। ऐसे में इस क्षेत्र में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता सैन्य तनाव वैश्विक ऊर्जा बाजारों और समुद्री व्यापार के लिए भी चिंता का विषय बन सकता है।