टेक्सास में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 80 हुईBy Admin Mon, 07 July 2025 06:05 AM









ह्यूस्टन- अमेरिका के दक्षिण-मध्य राज्य टेक्सास में भारी बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ से अब तक 80 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को बताया कि वह शुक्रवार को टेक्सास का दौरा करेंगे। इससे कुछ घंटे पहले ही उन्होंने टेक्सास के लिए बड़े पैमाने पर आपदा घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए, जिससे बचाव कार्यों के लिए जरूरी संघीय संसाधनों को मंजूरी दी गई। यह जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने दी।

20 प्रभावित काउंटियों में से सबसे ज्यादा नुकसान केर काउंटी में हुआ है, जहां अब तक कम से कम 68 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 21 बच्चे शामिल हैं। केर काउंटी के शेरिफ लैरी लेथा ने रविवार को इसकी पुष्टि की।

चार अन्य काउंटियों में भी कुल 12 लोगों की मौत की खबर है।

लेथा ने बताया कि कैंप मिस्टिक की 10 लड़कियां और एक काउंसलर अभी भी लापता हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबट ने रविवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब भी कम से कम 41 लोग लापता हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगले कुछ दिनों में और अधिक भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में फिर से बाढ़ का खतरा बना रहेगा।

फेडरल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (FEMA) ने मध्य टेक्सास के समुदायों के लिए सात राहत शिविर खोले हैं, जहां भोजन और पानी की व्यवस्था की गई है। यह जानकारी सीएनएन की रिपोर्ट में दी गई।

रविवार को ही राष्ट्रपति ट्रंप ने उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि उनकी सरकार द्वारा राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के बजट में कटौती का असर टेक्सास में आई इस भीषण बाढ़ पर पड़ा।

ट्रंप ने न्यू जर्सी स्थित अपने गोल्फ क्लब से वीकेंड बिताने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, "यह 100 साल में एक बार आने वाली भयावह आपदा है। इसे देखना बेहद दुखद है। यह सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया। किसी को इसकी उम्मीद नहीं थी, किसी ने इसे आते हुए नहीं देखा।"

जब उनसे पूछा गया कि क्या व्हाइट हाउस लौटने के बाद वह पहले की बजट और स्टाफ कटौती के चलते निकाले गए मौसम वैज्ञानिकों को फिर से बहाल करेंगे, तो उन्होंने इसे जरूरी नहीं बताया।

नेशनल वेदर सर्विस (NWS) की भूमिका को लेकर आलोचना बढ़ रही है। कई स्थानीय अधिकारियों और निवासियों का कहना है कि बाढ़ की चेतावनी देर से दी गई या वह पर्याप्त नहीं थी।

टेक्सास डिवीजन ऑफ इमरजेंसी मैनेजमेंट के प्रमुख निम किड ने शुक्रवार को कहा कि NWS "इतनी अधिक बारिश की भविष्यवाणी नहीं कर पाया था।"

टेक्सास ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, NWS के कर्मचारियों की जानकारी देने वाले यूनियन डेटा से पता चलता है कि सैन एंजेलो के पूर्वानुमान कार्यालय में 23 में से 4 पद खाली हैं, जबकि सैन एंटोनियो में 26 में से 6 पद खाली हैं। दोनों ही कार्यालय टेक्सास के मध्य हिस्से में स्थित हैं।

हालांकि रिपोर्ट के अनुसार, आपदा के समय NWS के पूर्वानुमान कार्यालय सामान्य रूप से काम कर रहे थे। रिपोर्ट में NWS वेस्ट गल्फ रिवर फोरकास्ट सेंटर, फोर्ट वर्थ (उत्तरी टेक्सास) के सेवा समन्वय जलविद विशेषज्ञ ग्रेग वालर के हवाले से यह जानकारी दी गई।

 

With inputs from IANS

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement

ADVERTISEMENT
Advertisement
ADVERTISEMENT
Advertisement