
नई दिल्ली- अमेरिका में 2026 में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद और निवेशकों के बीच सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की मजबूत मांग के चलते सोमवार को सोने की कीमत रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। स्पॉट गोल्ड 4,383.73 डॉलर प्रति औंस के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर कारोबार करता देखा गया।
वर्ष 2025 में भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं और टैरिफ से जुड़ी चिंताओं के बीच सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है। अब तक इसमें लगभग 67 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की जा चुकी है।
विश्लेषकों के अनुसार, पिछले सप्ताह सोना और चांदी दोनों की कीमतों में मजबूती रही और नए सप्ताह की शुरुआत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नए रिकॉर्ड स्तर के साथ हुई।
इस तेजी को अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा इस वर्ष तीसरी बार 25 बेसिस प्वाइंट की ब्याज दर कटौती से बल मिला। इसके अलावा, अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) आधारित महंगाई दर घटकर सालाना 2.7 प्रतिशत पर आ जाने से अगले वर्ष और दर कटौती की उम्मीदें मजबूत हुई हैं।
मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलंत्री ने कहा, “अमेरिका में नरम महंगाई आंकड़ों ने अगले साल अतिरिक्त दर कटौती की संभावनाओं को मजबूत किया है, जिससे कीमती धातुओं को समर्थन मिला है।”
इस बीच, बैंक ऑफ जापान ने ब्याज दरों में 25 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी की, लेकिन अपेक्षा से कम सख्त रुख अपनाने के कारण सोने और चांदी की कीमतों को अतिरिक्त सहारा मिला।
तकनीकी स्तरों की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने को 4,320–4,285 डॉलर पर समर्थन और 4,400–4,425 डॉलर पर प्रतिरोध मिल रहा है। वहीं चांदी को 66.40–65.75 डॉलर पर समर्थन और 67.20–68.00 डॉलर पर प्रतिरोध देखा जा रहा है।
भारतीय रुपये में सोने को 1,33,550–1,33,010 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर समर्थन और 1,35,350–1,35,970 रुपये पर प्रतिरोध है। चांदी को 2,07,450–2,06,280 रुपये प्रति किलोग्राम पर समर्थन और 2,09,810–2,10,970 रुपये पर प्रतिरोध बताया गया है।
हालांकि, डॉलर में मजबूती आने से सोने की कीमतों पर कुछ दबाव बन सकता है।
यस बैंक की एक रिपोर्ट के अनुसार, “बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है और भू-राजनीतिक तनावों में कमी आने पर ही जोखिम प्रीमियम घट सकता है। उच्च जोखिम प्रीमियम के चलते केंद्रीय बैंक लगातार सोने की खरीद बढ़ा रहे हैं, जो लंबी अवधि में सोने की कीमतों के लिए सकारात्मक संकेत है।”
एमसीएक्स पर चांदी के वायदा भाव कॉमेक्स के रुझान का अनुसरण करते हुए 2,07,800 रुपये के ब्रेकआउट स्तर से ऊपर टिके हुए हैं। बेहतर वॉल्यूम और मजबूत संरचना के साथ इसमें तेजी का रुख बना हुआ है।
एनरिच मनी के सीईओ पोन्मुदी आर ने कहा, “इस स्तर के ऊपर बने रहने से निकट भविष्य में 2,10,000 से 2,13,000 रुपये के लक्ष्य सक्रिय बने हुए हैं। तत्काल समर्थन 1,99,200 रुपये के पास है, जबकि व्यापक करेक्शन की स्थिति में 1,91,000 रुपये तक गिरावट संभव है। कुल मिलाकर रुझान मजबूत बना हुआ है और किसी भी गिरावट पर खरीदारी की संभावना अधिक है।”
With inputs from IANS