चीन की जनसंख्या लगातार क्यों घट रही हैBy Admin Wed, 28 January 2026 12:52 PM

नई दिल्ली, 28 जनवरी :
चीन ने अपनी जनसंख्या संरचना को बढ़ावा देने के लिए कई उपाय शुरू किए हैं, लेकिन इसके बावजूद देश में जन्मों की संख्या लगातार घट रही है और समाज तेज़ी से वृद्धावस्था की ओर बढ़ रहा है। यह जानकारी एक मीडिया रिपोर्ट में दी गई है।

ताज़ा आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष चीन में जन्मों की संख्या ऐतिहासिक रूप से सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई। कुल 79.2 लाख जन्म दर्ज किए गए, जो उससे पिछले वर्ष के 95.4 लाख जन्मों की तुलना में 17 प्रतिशत कम हैं। यह आंकड़ा 1949 के बाद सबसे कम है, म्यांमार स्थित मेकांगन्यूज़ ने रिपोर्ट किया।

कुल जनसंख्या 33.9 लाख घटकर 1.4049 अरब रह गई, जबकि मौतों की संख्या बढ़कर 1.13 करोड़ पहुंच गई, जो पिछले पांच दशकों में सबसे अधिक आंकड़ों में से एक है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह स्थिति “तेज़ी से लागू की जा रही पारिवारिक सहायता नीतियों और चाइल्डकेयर सब्सिडी की विफलता को रेखांकित करती है” और यह “वृद्ध होती आबादी तथा दशकों तक लागू रहे सख्त पारिवारिक नियोजन से पैदा हुए जनसांख्यिकीय असंतुलन” को दर्शाती है।

रिपोर्ट में चीनी विशेषज्ञों की उन चिंताओं का भी उल्लेख किया गया है, जिनके अनुसार जनसंख्या में लगातार गिरावट आने वाले दशकों में देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार बाज़ार और सामाजिक ढांचे को नया आकार देगी।

इसमें सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों की ओर भी इशारा किया गया है, जैसे युवाओं का देर से विवाह करना या विवाह न करना, जीवन-यापन की बढ़ती लागत, आवास असुरक्षा और कार्यस्थलों पर तीव्र प्रतिस्पर्धा, जिससे माता-पिता बनना कम आकर्षक हो गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, “घटती और वृद्ध होती जनसंख्या दीर्घकालिक उत्पादकता के लिए खतरा है, पेंशन प्रणाली पर दबाव डालती है और चीन के उपभोक्ता आधार को कमजोर कर सकती है, ऐसे समय में जब नेतृत्व घरेलू मांग आधारित विकास की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा है।”

इस बीच, रिपोर्ट में बीते एक वर्ष में बीजिंग द्वारा अपनाई गई जनसंख्या बढ़ाने की नीतियों (प्रोनैटलिस्ट पुश) का भी ज़िक्र किया गया है। इनमें तीन वर्ष से कम उम्र के प्रत्येक बच्चे के लिए 10,800 युआन (लगभग 1,534 डॉलर) तक की राष्ट्रीय चाइल्डकेयर सब्सिडी शामिल है, जो 2021 में तीन-बच्चा नीति लागू होने के बाद से सबसे बड़ा पारिवारिक सहायता उपाय है।

अन्य कदमों में प्रसव से जुड़े खर्चों के लिए बीमा कवरेज का विस्तार, चाइल्डकेयर क्षेत्र के कड़े नियमन, विवाह पंजीकरण को आसान बनाना और तलाक प्रक्रियाओं को सख्त करना शामिल है।

2024 में विवाह पंजीकरण की संख्या 61.06 लाख तक गिर गई थी, जो 1980 के बाद सबसे कम थी। हालांकि अब विवाह में संभावित सुधार के संकेत मिल रहे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, “2025 के पहले तीन तिमाहियों में विवाह पंजीकरण में 8.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई। शंघाई में 38.7 प्रतिशत और फुजियान में 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चीन जनसंख्या संघ का अनुमान है कि 2025 में कुल विवाह लगभग 69 लाख तक पहुंच सकते हैं और 2026 में जन्मों की संख्या 80 लाख से थोड़ा अधिक हो सकती है।”

हालांकि, रिपोर्ट ने चेतावनी दी कि प्रजनन आयु की महिलाओं की संख्या घट रही है, प्रजनन की इच्छा कमजोर बनी हुई है और माता-पिता बनने का फैसला टलता जा रहा है। “जब तक व्यापक समर्थन, किफायती आवास, बेहतर कार्य-जीवन संतुलन, लैंगिक समानता वाली रोजगार नीतियां और भरोसेमंद चाइल्डकेयर उपलब्ध नहीं कराए जाते, तब तक नीतिगत बदलाव जनसांख्यिकीय गिरावट को केवल धीमा कर सकते हैं, पलट नहीं सकते,” रिपोर्ट में कहा गया है।