
अहमदाबाद: Ambuja Cements Limited ने मार्च 2026 को समाप्त तिमाही में बेहतरीन वित्तीय नतीजे दर्ज किए हैं। कंपनी ने इस दौरान ₹10,915 करोड़ की अब तक की सबसे अधिक तिमाही आय हासिल की, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 9 प्रतिशत ज्यादा है।
कंपनी ने इस तिमाही में 19.9 मिलियन टन सीमेंट की बिक्री कर नया रिकॉर्ड बनाया, जो सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाता है। ऑपरेटिंग EBITDA ₹1,464 करोड़ रहा, जबकि मार्जिन 13.4 प्रतिशत दर्ज किया गया। प्रति मिलियन टन EBITDA ₹735 रहा।
Adani Group के पोर्टफोलियो का हिस्सा अंबुजा सीमेंट्स ने अपनी मजबूत बैलेंस शीट बरकरार रखते हुए खुद को कर्ज-मुक्त बनाए रखा है। कंपनी ने अपने शेयरधारकों के लिए ₹2 प्रति शेयर का डिविडेंड भी घोषित किया है।
कंपनी के सीईओ Vinod Bahety ने कहा कि वित्त वर्ष 2026 सीमेंट सेक्टर के लिए चुनौतियों और बदलावों से भरा रहा, जिसमें कंसोलिडेशन, GST सुधार, मौसम की मार, वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियां और राज्य चुनाव जैसे कारकों का असर देखने को मिला। इसके बावजूद अंबुजा ने मजबूती से प्रदर्शन किया।
इस तिमाही के दौरान कंपनी ने सांगही और पेन्ना सीमेंट व्यवसायों का विलय पूरा किया। साथ ही Sanghi Cement को 6 अप्रैल 2026 से शेयर बाजार से डीलिस्ट कर दिया गया है। वहीं ACC Limited और Orient Cement ने भी अपने आवेदन जमा कर दिए हैं और नियामकीय मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी ने जोधपुर में 3 MTPA क्षमता की क्लिंकर लाइन शुरू की और दहेज में 1.2 MTPA ग्राइंडिंग यूनिट का ट्रायल रन शुरू किया। साथ ही ग्रीन एनर्जी के उपयोग को बढ़ाते हुए इसकी हिस्सेदारी 26 प्रतिशत से बढ़ाकर 32 प्रतिशत कर दी गई है।
हालांकि, तिमाही के दौरान ईंधन, डीजल, पैकेजिंग लागत और रुपये की कमजोरी के कारण लागत दबाव भी सामने आए, जिन पर पश्चिम एशिया के मौजूदा तनाव का असर बताया गया है। कंपनी का अनुमान है कि ये दबाव वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही तक जारी रह सकते हैं।
इन चुनौतियों से निपटने के लिए कंपनी ईंधन मिश्रण में बदलाव, नवीकरणीय ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने और रेल व समुद्री परिवहन के जरिए लॉजिस्टिक्स लागत कम करने जैसे कदम उठा रही है।
अंबुजा सीमेंट्स की वित्तीय स्थिति मजबूत बनी हुई है, कंपनी की नेटवर्थ ₹71,846 करोड़ और नकद भंडार ₹1,770 करोड़ है। साथ ही, इसे CRISIL और CARE जैसी एजेंसियों से उच्चतम AAA/A1+ क्रेडिट रेटिंग प्राप्त है।
सीईओ विनोद बहेती ने कहा कि कंपनी का फोकस नई क्षमताओं को स्थिर करने, संचालन दक्षता बढ़ाने और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर बना रहेगा, जिससे आगे भी मजबूत प्रदर्शन जारी रखा जा सके।
With inputs from IANS