रांची में ओवरलोड स्कूल वैन पर शिकंजा, सख्त जांच में कई वाहन चालकों पर जुर्मानाBy Admin Tue, 05 May 2026 03:40 PM

रांची: राजधानी रांची में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद केसरी और डीटीओ अखलेश कुमार ने किया। शहर के अलग-अलग इलाकों में स्कूल वैन और बसों की सघन जांच की गई।

अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 100 से ज्यादा स्कूल वैन की जांच की गई। जांच में कई वैन निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को ढोते हुए पाई गईं। कुछ स्कूल बसों में भी ओवरलोडिंग के साथ-साथ सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर मौके पर ही भारी जुर्माना लगाया गया।

अभियान के दौरान वाहनों के फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, फर्स्ट एड बॉक्स, फायर एक्सटिंग्विशर, स्पीड गवर्नर समेत बच्चों की सुरक्षा से जुड़े जरूरी प्रावधानों की भी बारीकी से जांच की गई। कई वैन में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद केसरी ने साफ कहा कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग से हादसों का खतरा बढ़ता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं डीटीओ अखलेश कुमार ने बताया कि स्कूल वैन में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न इलाकों में ऐसे औचक जांच अभियान जारी रहेंगे।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं वाहनों में भेजें, जो सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हों। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।