पश्चिम एशिया तनाव के बीच सपाट बंद हुए सेंसेक्स-निफ्टी, रुपये में मजबूतीBy Admin Thu, 21 May 2026 05:52 PM

मुंबई: पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को लगभग सपाट बंद हुआ। आईटी, एफएमसीजी और वित्तीय शेयरों में बिकवाली का असर बाजार पर देखने को मिला।

BSE Sensex 135.03 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिरकर 75,183.36 पर बंद हुआ, जबकि NIFTY 50 4.3 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.7 पर बंद हुआ।

विशेषज्ञों के अनुसार, निफ्टी के लिए 23,700 और 23,800 का स्तर फिलहाल प्रमुख रेजिस्टेंस जोन बना हुआ है, जहां बिकवाली का दबाव बना रह सकता है। इसके ऊपर 24,000 का स्तर मनोवैज्ञानिक रूप से अहम माना जा रहा है।

वहीं, नीचे की ओर 23,500 से 23,600 का दायरा महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन बना हुआ है। यदि बाजार इससे नीचे जाता है तो 23,300 का स्तर मजबूत समर्थन दे सकता है।

सेंसेक्स में Bajaj Finance, Infosys और Tech Mahindra सबसे ज्यादा नुकसान वाले शेयरों में शामिल रहे।
निफ्टी में भी बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा और Hindustan Unilever प्रमुख गिरावट वाले शेयर रहे।

व्यापक बाजार में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.04 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो एफएमसीजी, आईटी और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर में सबसे ज्यादा कमजोरी देखने को मिली। दूसरी ओर रियल्टी और सीमेंट सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया।

Nifty Cement Index कारोबार के अंत तक 2 प्रतिशत से ज्यादा चढ़कर दिन के सबसे मजबूत सेक्टोरल इंडेक्स में शामिल रहा।

विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले समय में बाजार की दिशा काफी हद तक Reserve Bank of India की जून मौद्रिक नीति, अमेरिका-ईरान वार्ता की प्रगति और रुपये की स्थिरता पर निर्भर करेगी।

इस बीच भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ। पिछले सत्र में 97 के करीब पहुंचने के बाद रुपये में शॉर्ट कवरिंग देखने को मिली और यह करीब 65 पैसे यानी 0.68 प्रतिशत मजबूत होकर 96.15 के स्तर तक पहुंच गया।

वहीं, बाजार की अस्थिरता मापने वाला इंडेक्स INDIA VIX 3.5 प्रतिशत गिरकर 17.80 पर आ गया, जिससे निवेशकों को कुछ राहत मिली।

 

With inputs from IANS