भारतीय शेयर बाजार पर HSBC का भरोसा बढ़ा, रेटिंग न्यूट्रल से बढ़ाकर ओवरवेट कीBy IANS Mon, 09 November 2026 04:12 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के बढ़ते दबदबे के बीच एशियाई शेयर बाजारों में निवेश के विकल्प सीमित होते नजर आ रहे हैं। ऐसे माहौल में भारतीय शेयर बाजार निवेशकों को विकास की संभावनाओं, कंपनियों की मजबूत कमाई और निवेश में विविधता का बेहतर अवसर दे रहा है। यह बात HSBC ग्लोबल इन्वेस्टमेंट रिसर्च की सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में कही गई है।

रिपोर्ट में HSBC ने भारतीय शेयर बाजार की रेटिंग न्यूट्रल से बढ़ाकर ओवरवेट कर दी है। इसका मतलब है कि वैश्विक निवेश के दूसरे विकल्पों की तुलना में बैंक को भारतीय शेयरों में अधिक निवेश की संभावना नजर आ रही है।

HSBC के अनुसार, भारत में कर्ज की मजबूत मांग, कंपनियों की कमाई में स्थिरता और आर्थिक विकास को समर्थन देने वाले सरकारी उपायों ने बाजार के प्रति उसका भरोसा बढ़ाया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले कुछ वर्षों में भारतीय शेयरों के मूल्यांकन में आई गिरावट और उभरते बाजारों (Emerging Markets) की तुलना में लंबे समय से कमजोर प्रदर्शन के बाद अब निवेश के लिहाज से स्थिति पहले से अधिक आकर्षक हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाली कुछ तिमाहियों में ऊर्जा की कीमतें ऊंची बनी रहने पर कंपनियों के मुनाफे के अनुमान में मामूली कटौती हो सकती है। हालांकि, HSBC का मानना है कि यह गिरावट इतनी बड़ी नहीं होगी कि पूरे शेयर बाजार के निवेशकों के भरोसे को गंभीर रूप से प्रभावित करे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी आई है और यह करीब 99 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गई है।

HSBC ने कहा कि ऊंची ब्याज दरों और महंगे कच्चे तेल जैसी वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई है। कंपनियों की कमाई में भी सुधार के संकेत मिले हैं और मुनाफे के अनुमानों में कटौती की रफ्तार पहले के मुकाबले काफी धीमी हुई है।

भारतीय शेयरों के मूल्यांकन को लेकर भी रिपोर्ट में सकारात्मक रुख अपनाया गया है। खासकर बड़ी कंपनियों के शेयरों की कीमतें अब पहले की तुलना में अधिक उचित स्तर पर दिखाई दे रही हैं। इसके अलावा, वैश्विक उभरते बाजारों में निवेश करने वाले फंडों में से केवल 22 प्रतिशत ही भारत में ओवरवेट हैं। HSBC के मुताबिक, यह आंकड़ा बताता है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों की ओर से भारतीय बाजार में निवेश बढ़ने की अभी गुंजाइश बनी हुई है।

सेक्टर के लिहाज से HSBC ने बैंकिंग शेयरों को प्राथमिकता दी है। बेहतर आर्थिक विकास और कर्ज की मांग में संभावित मजबूती से बैंकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्र में भी निवेश के अवसर देखे गए हैं। इसमें खास तौर पर कैपिटल गुड्स, सीमेंट, बंदरगाह और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।

खपत से जुड़े क्षेत्रों में HSBC ने रोजमर्रा की जरूरतों के उत्पाद बनाने वाली कंपनियों (Consumer Staples) के मुकाबले कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी कंपनियों को प्राथमिकता दी है। इस श्रेणी में खुदरा कारोबार और ऑटोमोबाइल कंपनियों को बेहतर संभावनाओं वाला बताया गया है। वहीं, हाल के नियामकीय बदलावों को लेकर अनिश्चितता के बावजूद बीमा और अस्पताल क्षेत्र में भी विकास के अवसर देखे गए हैं।

हालांकि, रिपोर्ट में कुछ जोखिमों को लेकर सतर्क रहने की सलाह भी दी गई है। HSBC ने कहा कि यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो इससे भारत की घरेलू मांग और रुपये की विनिमय दर पर दबाव पड़ सकता है। फिलहाल उपभोक्ता मांग में मजबूती बनी हुई है, लेकिन महंगाई बढ़ने से लोगों की खर्च करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इसका असर खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में खपत पर पड़ने की आशंका है।

दूसरी ओर, HSBC ने चीन के शेयर बाजार की रेटिंग ओवरवेट से घटाकर न्यूट्रल कर दी है। रिपोर्ट के अनुसार, हालिया गिरावट के बाद चीनी शेयरों का मूल्यांकन भले ही आकर्षक हो गया हो, लेकिन बाजार में लंबे समय तक तेजी लाने वाले ठोस कारण फिलहाल सीमित नजर आ रहे हैं।

हालांकि, चीन में शेयरधारकों को मिलने वाला बेहतर कुल रिटर्न, घरेलू निवेशकों की खरीदारी और पूंजी बाजार को समर्थन देने वाली हालिया सरकारी नीतियां शेयर बाजार में बड़ी गिरावट को रोकने में मदद कर सकती हैं।

कुल मिलाकर, HSBC का ताजा आकलन संकेत देता है कि वैश्विक निवेश के बदलते माहौल में भारत एक बार फिर विदेशी निवेशकों के लिए आकर्षक विकल्प बन रहा है। मजबूत आर्थिक गतिविधियां, कंपनियों की कमाई में सुधार और शेयरों का अधिक संतुलित मूल्यांकन भारतीय बाजार के पक्ष में जा रहे हैं। हालांकि, निवेशकों के लिए कच्चे तेल की कीमतों, महंगाई और रुपये की चाल पर नजर रखना भी जरूरी होगा।