विविध निर्यात और मुक्त व्यापार समझौतों से अमेरिकी टैरिफ का सामना करने में सक्षम भारत: अर्थशास्त्रीBy IANS Thu, 26 November 2026 03:23 PM

Photo: IANS

नई दिल्ली। अमेरिका की ओर से भारतीय वस्तुओं पर प्रस्तावित आयात शुल्क (टैरिफ) को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उद्योग जगत के नेताओं और अर्थशास्त्रियों का मानना है कि भारत इस चुनौती से निपटने की मजबूत स्थिति में है। उनका कहना है कि भारत का विविध निर्यात आधार, विभिन्न देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) और अमेरिका के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चल रही बातचीत संभावित नुकसान को सीमित करने में मदद कर सकती है।

एसोचैम के मुख्य अर्थशास्त्री डॉ. एसपी शर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत की मजबूत आर्थिक बुनियाद और निर्यात बाजारों में विविधता किसी भी टैरिफ संबंधी व्यवधान के प्रभाव को कम करने में सहायक होगी।

उन्होंने कहा, "अमेरिका में समय-समय पर इस तरह के उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं और भारत में इनसे निपटने की क्षमता है। भारत का निर्यात उल्लेखनीय रूप से बढ़ रहा है और हमारी सबसे बड़ी ताकत निर्यात बाजारों में विविधता है।"

शर्मा ने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य बना हुआ है, लेकिन इसके साथ ही दूसरे बाजारों में भी भारतीय निर्यात का विस्तार हो रहा है। उनके अनुसार, चालू वित्त वर्ष में भारत का निर्यात पहले ही करीब 60 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है और वित्त वर्ष के अंत तक इसके लगभग 100 अरब डॉलर होने की उम्मीद है।

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के सीईओ और महासचिव रंजीत मेहता ने भी इसी तरह की राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित अमेरिकी शुल्क केवल भारत को ध्यान में रखकर नहीं लगाए गए हैं। चीन, बांग्लादेश और वियतनाम जैसी प्रतिस्पर्धी एशियाई अर्थव्यवस्थाओं को भी इससे अधिक टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है।

मेहता ने आईएएनएस से कहा, "प्रतिस्पर्धी एशियाई अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में भारत पर टैरिफ कम हैं। इससे हमें मामूली प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त मिलती है।"

हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि वैश्विक व्यापार नीतियों को लेकर बनी अनिश्चितता टैरिफ से भी बड़ी चुनौती साबित हो रही है। उनके मुताबिक, कंपनियां केवल आयात शुल्क के कारण ही नहीं, बल्कि नीतियों में संभावित बदलावों को लेकर स्पष्टता की कमी के चलते भी अमेरिका के साथ कारोबार करने में सतर्कता बरत रही हैं।

मेहता ने कहा कि उद्योग जगत के लिए टैरिफ नीतियों में स्थिरता, पारदर्शिता और पूर्वानुमान की क्षमता बेहद जरूरी है, ताकि कंपनियां लंबी अवधि की कारोबारी योजनाएं बना सकें।

उन्होंने प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ व्यापार समझौते करने की दिशा में भारत सरकार के प्रयासों की भी सराहना की। मेहता के अनुसार, भारत ने कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों पर हस्ताक्षर कर और नए समझौतों के लिए बातचीत आगे बढ़ाकर वैश्विक व्यापार में अपनी स्थिति मजबूत की है।

उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ एक महत्वपूर्ण मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की दिशा में भी भारत आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात, न्यूजीलैंड और ब्रिटेन के साथ हुए समझौतों ने भारत के अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों को विस्तार दिया है।

मेहता ने कहा कि अमेरिका के साथ प्रस्तावित भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) का परिणाम भी इस पूरे मामले में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

उन्होंने बताया, "हमारी जानकारी के अनुसार, यदि भारत व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे देता है तो उस पर लगभग 17 प्रतिशत टैरिफ लागू हो सकता है, जबकि समझौता नहीं होने की स्थिति में यह दर बढ़कर 25 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। इसलिए व्यापार वार्ता बेहद महत्वपूर्ण है।"

उन्होंने जोर दिया कि भारत को इन वार्ताओं में अपनी आर्थिक मजबूती और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में बढ़ती भूमिका का लाभ उठाते हुए बातचीत करनी चाहिए।

गौरतलब है कि अमेरिका ने एक दिन पहले विनिर्माण क्षेत्र में अतिरिक्त उत्पादन क्षमता की जांच के बाद भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, उसने यह संकेत भी दिया था कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में शुल्क की दर घटकर लगभग 17 प्रतिशत रह सकती है।

इस बीच, वाणिज्य मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी) नहीं है। मंत्रालय ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की दिशा में मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।

मंत्रालय के मुताबिक, भारत ने अमेरिकी व्यापार कानून की धारा 301 के तहत चल रही जांच के दौरान रचनात्मक तरीके से भाग लिया है। साथ ही भारत का मानना है कि व्यापार से जुड़ी किसी भी चिंता का समाधान दोनों देशों के बीच जारी बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए।