
Photo: IANS
नई दिल्ली। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2030 तक देश में यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की सालाना बिक्री बढ़कर लगभग 6.20 लाख यूनिट तक पहुंच सकती है। इस दौरान कुल यात्री वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 10.2 फीसदी होने का अनुमान है।
ब्लूमबर्गएनईएफ की 'इकोनॉमिक ट्रांजिशन सिनेरियो' रिपोर्ट के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की रफ्तार 2030 के बाद और तेज होगी। अनुमान है कि वर्ष 2040 तक भारत में यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की सालाना बिक्री लगभग 52 लाख यूनिट तक पहुंच जाएगी। यह परिदृश्य मुख्य रूप से बाजार की मांग और आर्थिक परिस्थितियों के आधार पर ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव का आकलन करता है, न कि सरकारी नीतिगत हस्तक्षेपों को इसका प्रमुख आधार मानता है।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत में यात्री इलेक्ट्रिक वाहनों की सालाना बिक्री इस वर्ष तीन लाख पांच हजार यूनिट से अधिक होने की संभावना है। यह 2025 की तुलना में 42 फीसदी की वृद्धि होगी। बाजार में इलेक्ट्रिक कारों के नए मॉडल बढ़ने और ग्राहकों के पास विकल्पों की संख्या बढ़ने से इनकी मांग को प्रोत्साहन मिल रहा है। फिलहाल कुल यात्री वाहनों की बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 6.7 फीसदी हो चुकी है। इस बाजार में निजी खरीदारों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण बनी हुई है।
भारत का इलेक्ट्रिक वाहन बाजार बेहतर मॉडल उपलब्धता और अनुकूल नीतिगत माहौल के कारण तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2025 में देश में कुल इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 17 फीसदी बढ़कर 24 लाख यूनिट से अधिक रही थी। वहीं, 2026 के पहले 10 महीनों में ही बिक्री 29 लाख यूनिट तक पहुंच गई है।
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों के बाजार में भी तेजी देखने को मिल रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान युद्ध शुरू होने के बाद जीवाश्म ईंधन की कीमतों में हुई बढ़ोतरी से इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग को बढ़ावा मिला है। जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच देश में बिकने वाले कुल दोपहिया वाहनों में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी 9.4 फीसदी रही। अनुमान है कि दशक के अंत तक इनकी बिक्री 45 लाख यूनिट से अधिक हो जाएगी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि निकट भविष्य में इलेक्ट्रिक वाहनों की कम परिचालन लागत, किफायती नए मॉडल और सार्वजनिक चार्जिंग सुविधाओं तक बेहतर पहुंच इनकी मांग बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं, लंबी अवधि में बैटरी की कीमतों में गिरावट वर्ष 2030 के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों को आम उपभोक्ताओं के लिए अधिक सुलभ बनाएगी।
हालांकि, रिपोर्ट ने यह भी आगाह किया है कि इस बदलाव को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए मजबूत और समन्वित सरकारी नीतियों के साथ-साथ अधिक निवेश की जरूरत होगी। खासकर वर्ष 2050 के मध्य तक परिवहन क्षेत्र को नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य के अनुरूप ढालने के लिए अतिरिक्त प्रयास आवश्यक होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में यात्री वाहनों के इलेक्ट्रिफिकेशन की प्रक्रिया में साझा परिवहन सेवाएं फिलहाल प्रमुख भूमिका नहीं निभा रही हैं। इसका एक बड़ा कारण इस क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप किफायती इलेक्ट्रिक कारों की कमी है। इसके अलावा, कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) से चलने वाली कारें भी प्रतिस्पर्धा पेश कर रही हैं, क्योंकि पेट्रोल वाहनों की तुलना में इनकी परिचालन लागत कम होती है।
ब्लूमबर्गएनईएफ का मानना है कि बैटरी की कीमतों में लगातार गिरावट से वाहन निर्माता भविष्य में अधिक किफायती इलेक्ट्रिक कारें पेश कर सकेंगे। इससे न केवल निजी खरीदारों के बीच ईवी की स्वीकार्यता बढ़ेगी, बल्कि देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहन बाजार को भी व्यापक विस्तार मिल सकता है।