
मुंबई। अभिनेत्री सई एम मांजरेकर इन दिनों अपनी आगामी पैन-इंडिया पीरियड ड्रामा फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ को लेकर व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि दो भाषाओं में एक साथ शूट होने वाली फिल्म में काम करने के लिए उन्हें लगातार भावनात्मक, मानसिक और तकनीकी रूप से सतर्क रहना पड़ता है।
सई ने कहा, “द इंडिया हाउस का हिस्सा बनना मेरे लिए रचनात्मक रूप से बेहद समृद्ध अनुभव रहा है। दो भाषाओं में एक साथ शूट होने वाली फिल्म में काम करना आपको भावनात्मक, मानसिक और तकनीकी रूप से लगातार सतर्क रहने के लिए प्रेरित करता है।”
उन्होंने आगे कहा, “आप सिर्फ दृश्यों का अभिनय नहीं कर रहे होते, बल्कि अलग-अलग भाषाओं की लय और संवेदनशीलता के अनुसार खुद को ढाल रहे होते हैं, वह भी अक्सर लगातार।”
अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म ‘मेजर’ में काम करने का उनका अनुभव द्विभाषी शूट की प्रक्रिया को समझने में सहायक रहा। उन्होंने कहा, “हर प्रोजेक्ट अपने साथ कुछ नया सिखाता है। ‘द इंडिया हाउस’ एक खास ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिससे अभिनय में स्वतः ही कई परतें जुड़ जाती हैं। सती का किरदार निभाने के लिए मुझे उस समय, उसकी भावनात्मक दुनिया, उसकी शांत साहस और उसके अंदरूनी संघर्षों को समझना पड़ा, भले ही वे खुले तौर पर व्यक्त न किए गए हों।”
पैन-इंडिया प्रोडक्शन की सामूहिक कार्यशैली पर बात करते हुए सई ने कहा, “ऐसी फिल्मों में सबसे ज्यादा रोमांचक बात सेट पर मौजूद सामूहिक भावना होती है। आप अलग-अलग क्षेत्रों से आए कलाकारों और तकनीशियनों के साथ काम करते हैं, जो एक ही दृष्टिकोण को लेकर काम कर रहे होते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “निखिल सिद्धार्थ, निर्देशक वंशी और पूरी टीम के साथ काम करना शानदार अनुभव रहा। सेट पर कहानी कहने के प्रति गहरा समर्पण और सम्मान दिखाई देता है, जो कलाकार के प्रदर्शन को और बेहतर बनाता है।”
राम चरण के प्रोडक्शन डेब्यू के तहत बन रही यह फिल्म हिंदी और तेलुगु में एक साथ शूट की जा रही है। बड़े स्तर पर बनाई जा रही यह फिल्म एक प्रभावशाली पीरियड कहानी पर आधारित है।
सई ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत वर्ष 2012 में मराठी फिल्म ‘काकस्पर्श’ में कुशी डामले की छोटी भूमिका से की थी। वर्ष 2019 में उन्होंने सलमान खान के साथ हिंदी एक्शन-कॉमेडी फिल्म ‘दबंग 3’ में खुशी चौटाला की मुख्य भूमिका निभाई। वर्ष 2020 में वह आयुष शर्मा के साथ म्यूजिक वीडियो ‘मांझा’ में नजर आईं।
इसके बाद सई फिल्म ‘कुछ खट्टा हो जाए’ में गुरु रंधावा के साथ दिखाई दीं। हाल ही में वह तेलुगु एक्शन ड्रामा ‘अर्जुन सन ऑफ व्यजयंती’ में नजर आई थीं, जिसका निर्देशन प्रदीप चिलुकुरी ने किया था। इस फिल्म में नंदामुरी कल्याण राम और विजयशांति के साथ सई मांजरेकर, सोहेल खान, बबलू पृथ्वीराज, श्रीकांत और आर. सरथकुमार भी अहम भूमिकाओं में थे। यह फिल्म 1990 की फिल्म ‘कर्तव्यं’ का आध्यात्मिक सीक्वल है, जिसमें विजयशांति ने कल्याण राम की मां की भूमिका को दोहराया है।
With inputs from IANS