
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि अभिनेता नागा चैतन्य को फिल्म ‘थंडेल’ में उनके अभिनय के लिए वर्ष 2025 का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है, जबकि अभिनेत्री रश्मिका मंदाना को फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ में उनके प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया जाएगा।
ज्ञात हो कि निर्देशक चंदू मोंडेती की फिल्म ‘थंडेल’ में नागा चैतन्य ने एक शिपिंग वेसल के कप्तान की भूमिका में शानदार अभिनय किया था। वहीं निर्देशक राहुल रविंद्रन की फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ में रश्मिका मंदाना ने एक ऐसे युवती का प्रभावशाली किरदार निभाया, जो एक विषाक्त रिश्ते से बाहर निकलती है।
तेलंगाना सरकार ने शनिवार को प्रतिष्ठित गद्दार स्टेट फिल्म अवॉर्ड 2025 के विजेताओं की सूची जारी की। तेलंगाना फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दिल राजू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुरस्कारों की घोषणा की।
नागा चैतन्य को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिलाने वाली फिल्म ‘थंडेल’ को राष्ट्रीय एकता पर सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार भी मिला। वहीं अनिल रविपुडी की सुपरहिट फिल्म ‘संक्रांति की वास्थुनाम’ को सर्वश्रेष्ठ मनोरंजन फिल्म का अवॉर्ड दिया गया।
सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार ‘राजू वेड्स रंभाई’ को मिला, जबकि ‘धंडोरा’ और ‘द प्री वेडिंग शो’ को क्रमशः दूसरी और तीसरी सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मिला।
सर्वश्रेष्ठ डेब्यू फीचर फिल्म का पुरस्कार सुपरहिट फिल्म ‘लिटिल हार्ट्स’ को मिला। तेजा सज्जा अभिनीत फिल्म ‘मिराई’ को सर्वश्रेष्ठ स्पेशल इफेक्ट्स, सर्वश्रेष्ठ संपादन (श्रीकर प्रसाद) और सर्वश्रेष्ठ सिनेमैटोग्राफी (कार्तिक घाट्टामनेनी) के पुरस्कार मिले।
पिछले वर्ष की चर्चित और सुपरहिट फिल्म ‘कोर्ट’ को सर्वश्रेष्ठ सामाजिक संदेश देने वाली फिल्म का पुरस्कार दिया गया।
अभिनेता शिवाजी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता और अभिनेत्री भूमिका को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री चुना गया।
जूरी द्वारा सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार चैतू जोन्नालगड्डा को फिल्म ‘राजू वेड्स रंभाई’ में उनके अभिनय के लिए दिया जाएगा, जबकि जूरी द्वारा सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अनंतिका को फिल्म ‘8 वसंतालु’ के लिए मिला।
पीरियड ड्रामा ‘चैंपियन’ में अभिनय के लिए रोशन मेका को स्पेशल जूरी हीरो अवॉर्ड दिया जाएगा। इस फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ आर्ट डायरेक्शन (थोटा थरानी), सर्वश्रेष्ठ एक्शन कोरियोग्राफी (पीटर हेन), सर्वश्रेष्ठ डांस कोरियोग्राफी (आटा संदीप) और सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइन (चंद्रकांत सोनावने और अजय कुमार नंबाला) के पुरस्कार भी जीते।
इस मौके पर आठ विशेष पुरस्कारों की भी घोषणा की गई। मेगास्टार चिरंजीवी को एनटीआर नेशनल अवॉर्ड दिया जाएगा, जबकि अश्विनी दत्त को नागिरेड्डी–चक्रपाणि अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
अभिनेता, निर्देशक, निर्माता और राजनेता कमल हासन को पैडी जयराज अवॉर्ड दिया जाएगा, जबकि वरिष्ठ अभिनेत्री जया सुधा को अक्किनेनी अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
सुद्दाला अशोक तेजा को सी. नारायण रेड्डी (सीनारे) अवॉर्ड, आर. नारायण मूर्ति को कांथा राव अवॉर्ड, तेलुगु सिनेमा के दिग्गज संगीतम श्रीनिवास राव को बी.एन. रेड्डी अवॉर्ड, और रमेश प्रसाद को रघुपति वेंकैया अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
With inputs from IANS