'अब मेरी प्राथमिकता मेरे जुड़वां बच्चे हैं', सोशल मीडिया पर कम एक्टिव रहने पर श्रद्धा आर्या का जवाबBy Admin Tue, 30 June 2026 03:32 PM

मुंबई। टेलीविजन अभिनेत्री श्रद्धा आर्या ने सोशल मीडिया पर कम सक्रिय रहने को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने साफ कहा कि इस समय उनके लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता उनके जुड़वां बच्चे हैं, इसलिए वह पहले की तरह नियमित पोस्ट नहीं कर पा रही हैं।

श्रद्धा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक प्यारा वीडियो साझा किया, जिसमें वह क्रेयॉन से बच्चों की एक्टिविटी बुक में रंग भरती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह अपने जुड़वां बच्चों के साथ समय बिताती भी दिखाई दे रही हैं।

वीडियो के साथ अभिनेत्री ने लिखा, "जो लोग कहते हैं कि मुझे ज्यादा पोस्ट करना चाहिए और मैं अपने फैंस खो रही हूं... उनसे बस इतना कहना चाहती हूं कि माफ कीजिए दोस्तों, अब मेरी जिंदगी में इससे भी बड़ी प्राथमिकताएं हैं।"

ADVERTISEMENT
Advertisement

श्रद्धा आर्या नवंबर 2024 में जुड़वां बच्चों की मां बनी थीं। तब से वह मातृत्व के हर पल का आनंद ले रही हैं और समय-समय पर अपने बच्चों के साथ बिताए खूबसूरत पलों की झलक अपने प्रशंसकों के साथ साझा करती रहती हैं।

काम की बात करें तो श्रद्धा को टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक कुंडली भाग्य में 'प्रीता' के किरदार से सबसे ज्यादा पहचान मिली। इस भूमिका ने उन्हें छोटे पर्दे की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। इसके अलावा वह मैं लक्ष्मी तेरे आंगन की, तुम्हारी पाखी, ड्रीम गर्ल, कसौटी ज़िंदगी की 2 और नच बलिए 9 सहित कई टीवी शोज और रियलिटी कार्यक्रमों का हिस्सा रह चुकी हैं।

निजी जीवन की बात करें तो श्रद्धा ने 16 नवंबर 2021 को भारतीय नौसेना अधिकारी राहुल नागल के साथ दिल्ली में एक निजी समारोह में शादी की थी। इसके बाद नवंबर 2024 में उनके घर जुड़वां बच्चों—एक बेटे और एक बेटी—का जन्म हुआ।

हाल ही में श्रद्धा अपने पति और बच्चों के साथ गोवा में पारिवारिक छुट्टियां मनाने भी गई थीं। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर परिवार के साथ बिताए यादगार पलों और अपनी निजी जिंदगी की कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो साझा किए।

 

With inputs from IANS